करनाल – आज लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत मतदान शुरू हो गया है l यहाँ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी मनोहर लाल ने प्रेम नगर के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मनोहर लाल अपने मतदान केंद्र पर आज मतदान करने वाले पहले मतदाता हैं जैसा कि कल ही उन्होंने कहा था कि उनकी कोशिश सबसे पहले वोट डालने की रहेगी l
हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों और करनाल विधानसभा के उपचुनाव के लिए आज शनिवार को मतदान हो रहा है l करनाल से बीजेपी प्रत्याशी मनोहर लाल चुनाव में अपनी जीत की मनोकामना लेकर कल मंदिर और बाबा लक्कड़ नाथ की समाधि पर बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचे l मनोहर लाल का संसद का ये पहला चुनाव है l नायब सिंह सैनी भी नारायण गढ़ में अपना वोट डालकर श्री मंजी साहिब गुरुद्वारे में माथा टेककर अपनी जीत का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं l
आज सुबह वोट डालने के बाद मनोहर लाल ने कहा कि ‘मुझे करनाल में अपने मतदान केंद्र पर वोट डालने वाला पहला मतदाता होने पर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। मैं लोगों से इस उत्सव में भाग लेने का आग्रह करना चाहता हूं। बता दें कि छठे चरण के चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर चुनाव हो रहा है।

























