करनाल – करनाल के कुटेल गांव में क्राइम ब्रांच के एएसआई संजीव की हत्या मामले में एसटीएफ ने हत्या के आरोपियों का खुलासा किया है l पुलिस सूत्रों के अनुसार एएसआई के विदेश में बैठे जीजा ने ही शूटरों को भाड़े पर लेकर अपने साले की हत्या करवाई थी। इस हत्या के पीछे रुपयों का लेन देन है या कुछ और इसका खुलासा पुलिस ने अभी नहीं किया है। एसटीएफ की टीम ने अलीगढ़ के रहने वाले तीनों आरोपियों को यूपी से गिरफ्तार किया है l इनमें दो शूटर मोहित व तुषार व उनके एक साथी हिरेंद्र है जिसने शूटरों की मृतक के जीजा से डील करवाई थी ।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार कर जब उन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल लाया जा रहा था तो शूटर मोहित ने करनाल में साई मंदिर के नज़दीक भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसकी चाल कामयाब नहीं होने दी और उसे पकड़ने के लिए उसके पैर पर गोली मारनी पड़ी और उसे पकड़ लिया l इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है l अभी पुलिस इन आरोपियों से गहनता से पूछताछ करेगी और उसके बाद मामले में और कई खुलासे होंगे। आखिर किसके कहने पर इन आरोपियों ने ASI की हत्या की ।
एएसआई की हत्या में करनाल पुलिस को एक सीसीटीवी हाथ लगा था, जिसमें एक युवक हेलमेट पहने है और दूसरा मुंह पर कपड़ा बांधे हुए है। दोनों बाइक पर सवार हैं। पुलिस की कई टीम इस मामले की गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई थी जिन लोगों को एएसआई संजीव ने गिरफ्तार किया था या जिन मामलों की एएसआई जांच कर रहा था, उनसे संबंधित अपराधियों का रिकॉर्ड भी खंगाला गया l इसी बीच पुलिस को ऐसा सुराग मिला, जिससे एएसआई के रिश्तेदार पर शक हुआ l पुलिस सीसीटीवी की फुटेज की जाँच के बाद आरोपियों को पकड़ने अलीगढ़ पहुंच गई और उन्हें काबू कर लिया ।
एएसआई की हत्या करने वाले दो शूटरों व उनके साथी को काबू कर लिया गया है। इस हत्या के पीछे एएसआई के जीजा का नाम सामने आया है। इस बारे में अभी जांच की जा रही है। आखिर हत्या क्यों करवाई गई है। इसका खुलासा गिरफ्तार शूटरों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के बाद हो सकेगा। दीपेंद्र राणा, एसटीएफ करनाल इंचार्ज
क्राइम ब्रांच में तैनात एएसआई संजीव की मंगलवार की रात घर के बाहर सैर करते हुए गोली मारकर हत्या कर दी गई थी l























