असंध – बटेंगें तो कटेंगें   : योगी आदित्यनाथ

0
174

असंध -उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पहले के भारत में भय, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और अराजकता थी और देश की आस्था के साथ खिलवाड़ होता था और सुरक्षा में सेंध लगती थी और आज का नया भारत है, जिसमें बिना भेदभाव के कई जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सीधा 140 करोड़ जनता को मिल रहा है। गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाएं एवं समाज के प्रत्येक तबके तक इन योजनाओं का लाभ मिला है। बेटी और बहनों के साथ कांग्रेस सरकार के समय अत्याचार होता था, यह हरियाणा के लिंगानुपात से पता लगता था। देश में 2014 से पहले सबसे खराब स्थिति हरियाणा की मानी जाती थी। उन्होंने कहा कि आज मुझे बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि आज एक हजार पुरुषों पर 900 महिलाओं का लिंगानुपात है।
श्री योगी आदित्यनाथ आज असंध में आयोजित एक विशाल रैली को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने असंध से भाजपा प्रत्याशी योगेन्द्र राणा के लिए वोट की अपील करते हुए कहा कि असंध विधानसभा से अपने बेटे को ज्यादा से ज्यादा आर्शीवाद देकर विजयी बनाएं ताकि एक बार फिर से हरियाणा में डबल इंजन की सरकार नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बन सके। विकास की नयी बहार हो और नायब सिंह सैनी की सरकार हो इस विश्वास के साथ भाजपा ने योगेेंद्र राणा को असंध से अपना प्रत्याशी बनाया है। असंध की जनता को हरियाणा में राम-राम करते हुए उन्होंने कहा कि मै प्रभु श्री राम की पावन धरा उत्तरप्रदेश की भूमि से एक विशेष संदेश के साथ आया हूं और यह संदेश प्रधानमंत्री मोदी जी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत का है। हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हमारी पीढी सौभाग्यशाली है कि पिछले दस वर्षो में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार होते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में नारी की पूजा होती है और उसकी गरिमा की रक्षा होती हो उस देश और उस समाज को आगे बढने से कोई ताकत रोक नहीं सकती है और हमारे हरियाणा ने यह दस वर्षों में करके दिखाया है। कांग्रेस और बसपा की सरकार के समय जो असंभव था वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने संभव करके दिखाया है। आज आपके करनाल में हरियाणा का पहला मेडिकल यूनिवर्सिटी खुल चुका है। हरियाणा में जितने भी मेडिकल कालेज बनेंगे वो सभी मेडिकल कॉलेज यहां से एफिलिएटिड होंगे, जिससे हरियाणा को एक नई पहचान मिलने वाली है।  हरियाणा आज अराजकता, परिवारवाद और भ्रष्टाचार का नहीं बल्कि विकास का एक नया मॉडल बनकर उभरा है। यह डबल इंजन की सरकार की ताकत है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाराणा कुंभा, महाराणा सांगा,  महाराणा प्रताप एवं पृथ्वीराज चौहान इन महान योद्धाओं ने भारत के लिए अपना योगदान दिया था, इसलिए हम सबका योगदान भी देश के लिए होना चाहिए।  उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही कांग्रेस है जिसने कश्मीर में धारा 370 लगाई थी। 370 के खिलाफ सबसे पहले भारतीय जनसंघ ने आवाज उठाई थी। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में नारा बुलंद हुआ था कि एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो विधान नहीं चलेंगे। कांग्रेस जातिगत और पंथ के आधार पर, संप्रदाय के आधार पर देश को बांटने वाली पार्टी है। क्षेत्र और भाषा के आधार पर देश को बांटने वाली पार्टी है। राहुल गांधी जब देश में रहते है, उत्तर प्रदेश में आएंगे तो हरियाणा को कोसेंगे। केरल में जाएंगे तो उत्तर प्रदेश को कोसेंगे और जब इटली जाएंगे तो भारत को कोसते हैं। तब राहुल गांधी को देश की 140 करोड़ जनता याद नहीं आती। देश के खिलाफ शत्रुता का भाव रखने वाली, परिवारवाद से जकड़ी कांग्रेस है।  दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार राष्ट्रहित में काम कर रही है। भाजपा ने जो कहा वह करके दिखाया है। मनोहर लाल हों या नायब सिंह सैनी, हरियाणा के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए हरियाणा को भारत के विकास का एक केंद्र बिंदु बनाने का कार्य किया है। इस अवसर पर अलीगढ़ उत्तर प्रदेश सांसद सतीश गौतम, भाजपा के प्रत्याशी योगेन्द्र राणा, हिमाचल प्रदेश के विधायक सिंदर सिंह गांधी, जिला प्रभारी करनाल भारत भूषण, प्रदेश प्रवक्ता वीरेन्द्र चौहान, गुलाब सिंह, सुमित नरवाल, सुनील गोयल, संजय राणा, पूर्व मेयर श्रीमती रेणूबाला गुप्ता सहित सैंकड़ों भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

500 वर्ष के इंतजार के बाद अयोध्या में श्रीराम लाल जी का मंदिर बन चुका है।  1947 में देश आजाद हुआ। प्रधानमंत्री का दायित्व था सबसे पहले राम मंदिर बनाना चाहिए थे। उस समय तो इतना विवाद भी नहीं था। लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। भाजपा जब से आई है सारे विवाद समाप्त करवाए गए और राम मंदिर भी बन चुका है।

योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार हरियाणा में आने केे बाद पिछले 10 वर्षो में हरियाणा में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। जाति, मत और मजहब के आधार पर नहीं बल्कि हरियाणा में अब विकास की बात होती है, रोजगार की बात होती है, किसान सम्मान निधि की बात होती है, गरीब के लिए आवास की बात होती है, गरीबों को निशुल्क राशन देने की बात होती है, हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाने की बात होती है। कांग्रेस के राज में किसी एक कोने में मेडिकल कॉलेज बनता था लेकिन अब हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। बिना भेदभाव के समान रूप से विकास भाजपा करके दिखा रही है।