करनाल -ना झुके हैं ना रुकेंगे, अब तिरंगे को लेकर चल पड़े हैं पहलगाम की राह पर

0
529

करनाल – इंडियन मीडिया सेंटर और मीडिया छात्र एसोसिएशन के नेतृत्व में रोहतक से पहलगाम (कश्मीर) तक निकाली जा रही ‘तिरंगा यात्रा’ विभिन्न शहरों से होते हुए रविवार को करनाल पहुंची। इस तिरंगा यात्रा में विभिन्न विश्वविद्यालयों की 120 बेटियां भाग ले रही है। तिरंगा यात्रा में शामिल बेटियां व अन्य स्वयं हाथों में तिरंगा थामे रूट मार्च करते हुए अंबेडकर चौक स्थित मंगलसेन ऑडिटोरियम पहुंची।


बेटियों के सम्मान में तिरंगा यात्रा का करनाल रेस्ट हाउस में पहुंचने पर विधायक जगमोहन आनंद, मेयर रेणु बाला गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर व राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के वाईस चेयरमैन आजाद सिंह सहित शहर की सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने फूलों की वर्षा के साथ गर्म जोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर सैंकड़ों की तादाद में आमजन और युवा वर्ग ने तिरंगे के साथ पद यात्रा में हिस्सा लिया।
इंडियन मीडिया सेंटर के महासचिव नरेंद्र सिंह ने कहा कि  15 अगस्त तक चलने वाली इस यात्रा का मकसद हाल ही में सफल रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धियों को हर नागरिक तक पहुंचाना और राष्ट्र की एकता व अखंडता को मजबूत करना है। हरियाणा भर से आई तिरंगा यात्रा में शामिल बेटियां 15 अगस्त को कश्मीर पहुंचकर सैनिकों के शौर्य को सलाम करने के साथ उन्हें रक्षा सूत्र बांधेंगी।
विधायक जगमोहन आनंद ने प्रदेश भर से आई तिरंगा यात्रा में शामिल बेटियों का स्वागत करते हुए कहा कि ये होनहार बेटियां जो रोहतक से पहलगाम कश्मीर तक राष्ट्र की एकता और अखंडता का सन्देश लेकर जा रही हैं यह हरियाणा प्रदेश के लिए बहुत बड़ी और प्रेरणादायी बात है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है। उन्होंने कहा कि भारत को नुकसान पहुंचाने का सपना देखने वालों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने सभी को यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दी l


मेयर रेनूबाला गुप्ता ने कहा कि इस यात्रा का मकसद राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान को मजबूत करना है। उन्होंने कहा की यात्रा में शामिल इन बच्चियों की जो भावना है वह सराहनीय है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि वह एक भारत श्रेष्ठ भारत देखना चाहते हैं। इन युवा बच्चियों की आंखों से 2047 का हम वह आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा करेंगे। यात्रा में शामिल बेटियों ने कहा कि 15 अगस्त को कश्मीर के लाल चौक में पहुंचकर वे तिरंगा फहराएंगे और जो हमारे देश के लिए अपना जीवन बलिदान करते हैं उन वीर सैनिकों को रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें देशवासियों का प्यार और समर्थन देंगी।
तिरंगा यात्रा में शामिल बेटियों ने कहा कि हम उन सैनिकों को यह बताने जा रहे हैं कि वह अकेले नहीं है बल्कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। हरियाणा की लड़कियां भी किसी से कम नहीं है और हम उनका साथ देने वहां जा रहे हैं। हरियाणा सिख संगत के प्रधान इंदरपाल सिंह और चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के महासचिव हरमीत सिंह सिंह हैप्पी ने टीम लीडर को सरोपे भेंटकर यात्रा में जाने वाली बेटियों का मनोबल बढ़ाया l
तिरंगा यात्रा के स्वागत के अवसर पर बीजेपी के जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर , राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के वाईस चेयरमैन आज़ाद सिंह, शहर के सभी पार्षद व इंडियन मीडिया सेंटर के सदस्य मुख्य
रूप से मौजूद रहे l