करनाल – सेवा श्री आश्रम में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संगोष्ठी का आयोजन

0
418

करनाल – सेवा भारती आश्रम के सभागार में मंगलवार शाम महिला सुरक्षा को लेकर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया l इस कार्यक्रम में समर्थ किशोरी विकास प्रकल्प की सभी युवतियों ,शिक्षिकाओं ने भाग लिया l इस कार्यक्रम में युवतियों को अपनी सुरक्षा को लेकर खुद ही जागरूक रहने का आह्वान किया गया l 

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पुलिस इंस्पेक्टर राजेश लता ने बताया कि समाज में अपराध बढ़ रहा है यहाँ तक कि घरों में भी महिलाएं शोषण और हिंसा का शिकार हो रही हैं ,ऐसे समय में महिलाओं को बहुत अधिक जागरूक होने की जरूरत है l हर लड़की को कोई भी बात हो बेहिचक अपने शिक्षक , माता पिता या घर के किसी भी सदस्य से शेयर करनी चाहिए l उन्होंने युवतियों को फोन से दूर रहकर पढाई और काम पर ध्यान देने के लिए भी कहा l उन्होंने कई उदाहरण देकर समझाया कि कई बार पीड़ित को घर या आसपास वालों के द्वारा घटना को इग्नोर करने की सलाह दी जाती है, लेकिन यदि हम इग्नोर करते हैं तो हम ही आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में शामिल हो जायेंगें ,इसलिए बिलकुल किसी भी गलत हरकत या  शोषण को इग्नोर नहीं करना बल्कि उसकी शिकायत करनी है l उन्होंने बताया कि डायल 112 कैसे स्कूल, कॉलेज और भीड़ भाड़ वाले इलाके में हमेशा सहायता के लिए तैयार रहती है l  दुर्गा शक्ति ऐप अपने फोन में हमेशा लोड करके रखें ताकि किसी भी शरारती तत्वों पर कार्यवाही करके तुरंत सबक सिखाया जा सके इसके लिए बिलकुल डरने की जरुरत नहीं है l उन्होंने अपना फोन नंबर सबको नोट करवाया और कहा कि कोई भी मुझे कभी भी किसी मदद के लिए फोन कर सकते हैं l
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधिवक्ता सुखबीर त्यागी ने युवतियों को संस्कार के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संस्कार हमारे जन्म से लेकर मरण तक साथ साथ चलते हैं l उन्होंने बताया कि आज सबसे धनी व्यक्ति वह नहीं जिसके पास सबसे ज्यादा धन ,दौलत, जमीन ,संपत्ति है बल्कि सबसे घनी व्यक्ति वह है जिसके पास सबसे ज्यादा ज्ञान है और वह तभी होगा जब कोई शिक्षा ग्रहण करेगा और सीखेगा क्योंकि सीखने की कोई उम्र नहीं होती l उन्होंने बताया ड्रैस वेल और एड्रेस वेल होना बहुत जरुरी है क्योंकि यही आज के समय में आपके व्यक्तित्व की झलक देता है l उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और कानून की जानकारी देते हुए बताया कि कानून में भी महिलाओं को सर्वप्रथम रखा जाता है उनकी हर बात प्राथमिकता से सुनी जाती है l उन्होंने आज के समय को गलाकाट बताते हुए युवतियों को बताया कि आप बहुत सौभाग्यशाली हैं  कि आप सेवा भारती जैसे संसथान से जुड़े हुए हो जहाँ संस्कार के साथ साथ जीवन में हर वर्ग की युवतियों को आगे बढ़ने के लिए कई तरह के सिलाई , कम्प्यूटर जैसे प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं l इस कार्यक्रम में सेवा भारती से सुरेंद्र गोयल ,देवेंद्र रोहिल्ला मौजूद रहे l