नैनीताल- नवरात्रि के पहले दिन माँ नयना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता

0
104

रिपोर्ट -कांता पाल /नैनीताल- नैनीताल में नवरात्रि के उपलक्ष पर विभिन्न मंदिरों में देवी के 9 रूपों के पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। नवरात्रि के पहले दिन नैनीताल के प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी है।

चैत्र नवरात्रि के पहले दिन नैनीताल के मां नयना देवी मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि देवी सती की आंख यहां गिरी थी और इसी के बाद यहां मां नयना देवी की स्थापना हुई। देवी पार्वती का पार्थिव शरीर खंडित होने के बाद उनकी बांयी आँख यहाँ गिरी थी। पुराणों में लिखा है कि देवी पार्वती के पिता दक्ष-प्रजापति द्वारा जब विशाल यज्ञ में भगवान शिव को आमंत्रण नहीं दिया गया तो इस कदम से खिन्न होकर देवी पार्वती यज्ञ के हवन कुण्ड में कूदकर सती हो गई, जिससे दुखी भगवान शिव ने देवी पार्वती का पार्थिव शरीर लेकर ब्रह्माण्ड के चक्कर लगाने शुरू कर दिए। सृष्टि का संतुलन बिगड़ने से तीनों लोकों में हाहाकार मच गया, तब सृष्टि के संरक्षक भगवान विष्णु ने सुदर्शन चक्र से सती के शव के खंड खंड कर दिऐ। जिससे पार्वती की बायीं आँख देश के इसी हिस्से में गिरी और इस देवी का नाम नयना देवी रखा गया। मां दुर्गा अपनी आंखों से हर इंसान के दुख दर्द देख लेती हैं और भक्तों की हर मनोकामना पूरी करती हैं, नवरात्रि में लगातार नौ दिनों तक मां नयना देवी में भव्य पूजा अर्चना जारी रहेगी।