रिपोर्ट -मैनपाल कश्यप/इंद्री – हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिलेंस टीम ने शनिवार को विजिलेंस टीम ने पंचायत सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया l विजिलेंस टीम ने इंद्री क्षेत्र में एक पंचायत सचिव को 20,000 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अमित कुमार, निवासी जैनपुर लाडवा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी सचिव एक व्यक्ति से पंचायत कार्यों से संबंधित बिल पास कराने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत विजिलेंस अधिकारियों को दी, जिसके बाद विशेष टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। विजिलेंस अधिकारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता को केमिकल लगे हुए नोट दिए गए और उसे इंद्री नगर पालिका कार्यालय भेजा गया। जैसे ही सचिव ने रिश्वत के 20,000 हजार रुपये स्वीकार किए, विजिलेंस टीम ने तुरंत कार्यालय में छापा मारकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के हाथों से रासायनिक प्रतिक्रिया वाले नोट बरामद किए और मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया। विजिलेंस टीम ने पूरे घटनास्थल से अन्य जरूरी सबूत भी जब्त कर लिए हैं। विजिलेंस अधिकारी के मुताबिक, अब यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी सचिव ने पहले किन-किन लोगों से रिश्वत ली है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

























