इंद्री – करनाल स्थित कश्यप धर्मशाला में आयोजित कश्यप महापंचायत हरियाणा की प्रदेश स्तरीय महाबैठक की ऐतिहासिक सफलता पर कश्यप महापंचायत हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता मैनपाल कश्यप ने समस्त कश्यप समाज का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों ने एक छोटे से निमंत्रण पर भारी संख्या में पहुंचकर यह साबित कर दिया कि कश्यप समाज आज पहले से अधिक संगठित, जागरूक और अपने अधिकारों के प्रति सजग है।
मैनपाल कश्यप ने कहा कि महाबैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। समाज के युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे समाज की एकता और भाईचारे का मजबूत संदेश पूरे प्रदेश में पहुंचा।
उन्होंने कहा कि महाबैठक का उद्देश्य समाज को एक मंच पर लाकर शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक उत्थान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना था, जिसमें समाज के लोगों ने पूरी गंभीरता और उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान समाज के अधिकारों, आरक्षण, प्रतिनिधित्व और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को लेकर भी व्यापक चर्चा की गई।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि महाबैठक की सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे कश्यप समाज की सामूहिक मेहनत और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं समाज के प्रत्येक सदस्य का हृदय से धन्यवाद किया।
मैनपाल कश्यप ने कहा कि जिस प्रकार समाज ने एकजुट होकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि कश्यप समाज अब अपने सम्मान, अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के लिए मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज की यह एकता भविष्य में और अधिक मजबूत होगी तथा सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित करेगी।
उन्होंने अंत में कहा कि कश्यप समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी शक्ति के बल पर समाज अपने अधिकारों तथा विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होगा। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं अधिवक्ता नवीन कश्यप ,हल्का अध्यक्ष शामलाल कश्यप ,वरिष्ठ समाजसेवी रामचंद्र कश्यप ,राजपाल नम्बरदार ,राजबीर पंजोखरा व ऋषिपाल कलरी जागीर आदि मौजूद रहे।


























