इंद्री -बाहरी राज्यों का गेहूं हरियाणा के किसानों के नाम पर बेचने की साजिश में पांच आढ़तियों पर केस दर्ज

0
31

रिपोर्ट -मैनपाल कश्यप /इंद्री  : इंद्री की नई अनाज मंडी और ब्याना सब यार्ड में गेहूं खरीद के दौरान बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आने से मंडी प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि उत्तर प्रदेश व अन्य बाहरी राज्यों से गेहूं लाकर उसे हरियाणा के किसानों के नाम पर पोर्टल में बेचने की कोशिश की जा रही थी। मामला देर रात का बताया जा रहा है , मामले  गड़बड़ी को देखते हुए पुलिस ने पांच आढ़तियों और फर्मों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार गेहूं खरीद सीजन 2026 के दौरान इंद्री की नई अनाज मंडी और ब्याना सब यार्ड में खरीद प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं।

मार्केट कमेटी के सचिव अजीत सिंह ने मामले की जांच की तो  मंडी रिकॉर्ड, पोर्टल एंट्री और स्थानीय स्तर पर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि कुछ आढ़ती बाहरी राज्यों से गेहूं मंगवा कर उसे हरियाणा के किसानों के नाम पर पोर्टल में अपलोड कर सरकारी खरीद में बेचने की तैयारी कर रहे थे। यदि यह खेल सफल हो जाता तो सरकारी खरीद व्यवस्था को करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता था, वहीं असली किसानों के हिस्से का लाभ भी प्रभावित होता। मार्केट कमेटी सचिव अजीत सिंह ने 7 मई को थाना इंद्री में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में इंद्री मंडी के तीन और ब्याना सब यार्ड के दो आढ़तियों सहित कुल पांच फर्मों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। सचिव ने कहा कि सरकार की खरीद प्रणाली में किसी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धोखाधड़ी के मामले में थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद देर रात पांच आढ़तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।