रिपोर्ट – मैनपाल कश्यप /इंद्री : गांव बीबीपुर जाटान में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने इंद्री स्थित डीएसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि 25 जून को दोपहर करीब एक बजे गांव निवासी राजू उर्फ राजकुमार के घर पर गांव के ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में राजू उर्फ राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र मान, कर्णपाल और अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो इंद्री पुलिस के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को नामजद किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


























