करनाल -बच्चों के मिड डे मील पर डाका डालने वाले 6 चोर और 2 कबाड़ी गिरफ्तार

0
40

करनाल – पुलिस टीम ने सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों से मिड डे मील का सामान चोरी करने वाले दो गैंग के चोरों को गिरफ्तार किया है l सीआईए-3 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 चोरों , 2 चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने  स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में  24 वारदातों को अंजाम दिया था।  पिछले करीब तीन महीनों से सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों से राशन, गैस सिलेंडर, बर्तन और अन्य जरूरी सामान चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। कई स्थानों पर हालात ऐसे बन गए थे कि राशन गायब होने के कारण बच्चों का भोजन तैयार करना भी मुश्किल हो रहा था । मिड डे मील की चोरी को लेकर अलग-अलग थानों में 16 मामले दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो ये खुलासा सामने आया l

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दो अलग-अलग गैंग में बंटकर काम कर रहे थे। पहला गैंग अरुण, संदीप और तिलक राज का था, जबकि दूसरे गैंग में अमन, आर्यन और सौरभ शामिल थे। आरोपी दिन के समय ऑटो में घूमकर स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों की रेकी करते थे तथा रात होते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी का सामान ले जाने के लिए भी ऑटो का ही इस्तेमाल किया जाता था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी का सामान सीधे कबाड़ियों को बेचा जाता था। पुलिस ने रांवर निवासी गौतम और गुलशन को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का काफी सामान बरामद किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पड़ताल कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण पुत्र ओमप्रकाश, संजीव उर्फ सचिन पुत्र राकेश कुमार, तिलक राज पुत्र नसीब सिंह, अमन पुत्र ओमप्रकाश, आर्यन पुत्र नरेश, सौरभ उर्फ कार्तिक पुत्र सोमपाल, गलशन उर्फ सोन पुत्र राजाराम तथा गौतम पुत्र राजीव के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने जिला करनाल के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मिड-डे मील केंद्रों से चोरी की अनेक वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा 29 गैस सिलेंडर, 13 कट्टे गेहूं, 2 इनवर्टर बैटरियां, रसोई में प्रयोग होने वाले टब एवं पतीले, वारदात में प्रयुक्त दो ऑटो तथा 69 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।  पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी रात्रि के समय सुनसान स्थानों पर स्थित सरकारी संस्थानों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए सामान को कम कीमत पर कबाड़ियों को बेचकर अवैध लाभ अर्जित करते थे।

डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में गहनता से जांच जारी है तथा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड एवं अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जिला पुलिस करनाल द्वारा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।