इंद्री -कार्रवाई न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस थाने के सामने किया प्रदर्शन

0
34

रिपोर्ट -मैनपाल कश्यप /इंद्री –ग्रामीणों ने मंगलवार को थाने में  पुलिस प्रशासन के खिलाफ ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण बलजिंदर व विजयपाल ने बताया कि उनके गांव नौरता का एक व्यक्ति पिछले चार दिनों से लापता है, लेकिन पुलिस अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस थाने पहुँच कर नारेबाजी की और गुमशुदा व्यक्ति की सुरक्षित तलाश की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनके गांव का निवासी रामलाल अचानक लापता हो गया था परिवारवालों ने पहले अपने स्तर पर उसकी खोज की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवार का आरोप है कि पुलिस सिर्फ़ कागज़ी कार्रवाई तक सीमित रही और ज़मीनी स्तर पर खोजबीन शुरू नहीं की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि जब रामलाल की खोज कीगई तो सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पता चला कि वह किसी अनजान व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए दिखाई दिया ।ग्रामीणों का कहना है कि ये महत्वपूर्ण सुराग पुलिस को जांच तेज़ करने में मदद कर सकते हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक उन राहों की भी तलाश नहीं की, जहां गवाहों ने उसे आखिरी बार देखा था। बलजिंदर ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर शक जाहिर किया गया था और पुलिस द्वारा उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया था उसने बताया था कि हमने गुमशुदा व्यक्ति को यमुनानगर के नजदीक खिजराबाद के जंगलों में ले जाकर हत्या कर दी है जिसकी निशानदेही पर ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंचे लेकिन वहां पर कुछ नहीं मिला और वह व्यक्ति भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया ।

मंगलवार को  मामला तब गरमा गया जब ग्रामीण पुलिस थाने में प्रदर्शन के लिए पहुंचे । प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और थाने के सामने धरना दिया। उनका कहना था कि जब तक पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी, वे धरना जारी रखेंगे। ग्रामवासियों की यह नाराज़गी उस व्यापक समस्या की ओर भी संकेत करती है कि गुमशुदगी के मामलों में अक्सर शुरुआती घंटों और दिनों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस तुरंत कार्रवाई करे, तो कई बार ऐसी घटनाएँ जल्द सुलझाई जा सकती हैं।

पुलिस उपाधीक्षक सतीश गौतम ने बताया कि गुमशुदा व्यक्ति की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। हम ग्रामीणों की चिंता समझते हैं। हमारी टीम लगातार लगातार खोजबीन कर रही है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने यह स्वीकार किया कि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में जांच के लिए लिया गया था उसने भागने की कोशिश की थी लेकिन उसे पकड़ लिया गया है। अभी तक डेड बॉडी नहीं मिली है उसने बताया था कि हमने उसे नहर में फेंक दिया है, पुलिस जांच कर रही है मामला जल्द ही क्लियर हो जाएगा  ।