करनाल – टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार

0
40

करनाल –  पुलिस ने टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से लाखों की साइबर ठगी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है l  थाना साइबर अपराध करनाल ने ऑनलाइन निवेश/बिडिंग के नाम पर की गई बड़ी साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनंजय कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी वार्ड नंबर 3, टूमडिया टोला, मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसे व्हाट्सएप के माध्यम से वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क देकर मुनाफा दिखाया गया, जिससे उसका विश्वास जीत लिया गया। इसके बाद अलग-अलग टास्क और निवेश के नाम पर उससे लगातार बड़ी रकम जमा करवाई गई।
शिकायतकर्ता ने अपने तथा अपने परिजनों के बैंक खातों से विभिन्न माध्यमों के जरिए लाखों रुपए की  राशि आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दी। बाद में जब और अधिक पैसे की मांग की गई तथा पैसा वापस नहीं मिला, तब उसे ठगी का एहसास हुआ।
इस संबंध में थाना साइबर अपराध करनाल में मुकदमा नंबर 33 दिनांक 19/03/2026 को धारा 318(4), 61 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम द्वारा गहन जांच करते हुए मामले में शामिल आरोपी धनंजय कुमार को काबू किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था, जिसका उपयोग साइबर ठगी में किया गया। आरोपी के कब्जे से 6 हजार नगद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस टीम ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।