करनाल – करनाल के हांसी रोड स्थित कॉलोनी में एक किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने सबको हैरान कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।
मृतका की मां रोज की तरह काम पर गई हुई थी और बेटी ने उसे 11 बजे लेने आने को कहा था। जब मां घर पहुंची, तो बेटी को कमरे में फंदे से लटका देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मां ने बताया कि उसे कभी भी ऐसा करने का अंदेशा नहीं था कि उनकी बेटी ऐसा कदम उठा सकती है। परिजनों ने बताया कि लड़की के पिता का कुछ महीने पहले निधन हो चुका था। परिवार हाल ही में गांव से वापस करनाल लौटा था।
अभी तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के समय मृतका एक युवक से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। परिजनों से यह भी जानकारी मिली है कि उस युवक ने भी आत्महत्या की कोशिश की है, वह अस्पताल में भर्ती है l हालांकि यह बात अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने किशोरी का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर कॉल रिकॉर्ड और चैट की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि इस दुखद घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

























