करनाल -हनीट्रैप में फंसाकर धमकी देकर फिरौती मांगने वाला गिरफ्तार

0
41

करनाल – पुलिस टीम ने हनीट्रैप में फंसाकर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की फिरौती मांगने के मामले में एक आरोपी को 4 लाख 50 हजार रुपये की नकदी लेते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोधबीर सिंह निवासी गांव बालू के रूप में हुई है।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मीना कुमारी ने बताया कि पानीपत निवासी मनिंद्र सिंह ने थाना सदर में शिकायत देकर आरोप लगाया कि एक महिला ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे संपर्क किया था। इसके बाद महिला ने उसे महिंद्रा क्लब की सदस्यता के संबंध में जानकारी देने के बहाने करनाल के एक होटल में बुलाया और पैसों की मांग की।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद जोधबीर सिंह निवासी गांव बालू ने उससे संपर्क कर महिला के साथ समझौता करवाने के नाम पर 20 लाख रुपये की मांग की। आरोपी ने महिला के साथ मिलकर उसे झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने का डर दिखाकर पैसे मांगे और अब तक उससे करीब 10 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बावजूद आरोपी लगातार शेष रकम की मांग कर रहा था। पैसे नहीं देने पर दोबारा शिकायत देने तथा उसके परिवार और रिश्तेदारों को बदनाम करने की धमकियां दी जा रही थीं।