करनाल -लिफ्ट देने वाले एक्टिवा चालक को लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
72

करनाल – पुलिस ने लिफ्ट लेने के बहाने एक्टिवा चालक की जेब से नकदी व मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में आरोपी जितेन्द्र खन्ना उर्फ जीतू को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से 14,700 रुपये बरामद किए हैं।

इस संबंध में चौकी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता खेल कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपनी एक्टिवा पर डीसी कॉलोनी से हांसी रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अवंतिका बाई चौक के पास एक व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी। शिकायतकर्ता ने उसे अपनी एक्टिवा पर बैठा लिया। रघुनाथ मंदिर के पास पहुंचने पर पीछे बैठे व्यक्ति ने शिकायतकर्ता की दोनों जेबों से 20,000 रुपये की नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए कहा। कुछ आगे जाकर शिकायतकर्ता ने शोर मचाया तो आरोपी एक्टिवा से उतरकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की दी तो सीसीटीवी कैमरों से आरोपी की पहचान हो गई । पुलिस टीम ने उसे देर रात काबू कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकारा l पुलिस ने चोरी की गई नकदी में से 14,700 रुपये भी बरामद किये हैं ।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी का एक मामला दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।