रोहतक – रोहतक में गांव खरावड़ के समीप स्थित मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग कर 4 युवकों की हत्या कर दी गई l इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है l यह जघन्य हत्याकांड खरावड़ पुलिस चौकी से लगभग 50 मीटर की दूरी पर हुई है l मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के गांव डीघल के रहने वाले और एक युवक बेरी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है l
सूचना मिलते ही पुलिस की सभी टीमें ,रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित सहित जिला पुलिस के तमाम आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया l बताया जा रहा है कि कार से आये हथियारबंद बदमाशों ने रोहतक के मिलन ढाबे पर अचानक देर रात हमला बोल दिया और उस वक्त खाना खा रहे डीघल गांव निवासी रिंकू, विनीत उर्फ विन्नी और यश उर्फ गंजू को निशाना बनाते हुए 50 से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर भगदड़ मच गई और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है ढाबे पर उस समय करीब 45 लोग मौजूद थे l
इस खूनी गैंगवार का सबसे दर्दनाक पहलू बेरी निवासी 26 वर्षीय छात्र हिमांशु की मौत है, जिसका अपराध की दुनिया से कोई वास्ता नहीं था। हिमांशु रोहतक के जाट कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा था और पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और बुधवार को भालौठ गांव में अपनी बड़ी बहन की ससुराल आया हुआ था। रात में वह जीजा के लिए मिलन होटल से खाना पैक कराने गया था। गोलियां चलने पर वह जान बचाने के लिए भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे भी विरोधी गैंग का साथी समझकर पीछा किया और गोलियों से भून दिया। पुलिस रिकॉर्ड में भी हिमांशु के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर ‘भाऊ गैंग’ के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई है, जिसमें इन हत्याओं की जिम्मेदारी ली गई है। पुलिस टीम सीसीटीवी खंगाल रही है और आसपास पूछताछ कर रही है पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है l


























