चंडीगढ़ -टोक्यो ओलंपिक- महिला हॉकी टीम में शामिल हरियाणा की खिलाड़ियों को मिलेंगे 50-50 लाख – मुख्यमंत्री

0
372

रिपोर्ट -राकेश शर्मा /चंडीगढ़  -भले ही भारतीय महिला हॉकी टीम  टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक नहीं जीत सकी, लेकिन उनके दमदार खेल ने और खास तौर पर दूसरे क्वाटर फाइनल ने देश का दिल जीत लिया । टीम के शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तुरंत ट्वीट कर बताया कि महिला हॉकी टीम में शामिल प्रदेश की नौ खिलाड़ियों को सरकार 50-50 लाख रुपये का पुरस्कार देगी। उन्होंने भारतीय टीम को टोक्यो ओलंपिक में प्रशंसनीय प्रदर्शन के लिए बधाई दी। हरियाणा सरकार टोक्यो ओलंपिक के पदक विजेता खिलाड़ियों को इनामी राशि के साथ सरकारी नौकरी और रियायती दरों पर प्लॉट देगी। गुरुवार को कुश्ती में रजत व हॉकी में कांस्य पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह घोषणा की। मंत्रिमंडल बैठक में सभी मंत्रियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया को खेल नीति के अनुसार चार करोड़ रुपये, प्रथम श्रेणी की सरकारी नौकरी व रियायती दरों पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का प्लॉट दिया जाएगा। रवि दहिया के गांव नाहरी जिला सोनीपत में आधुनिक सुविधाओं से लैस इंडोर कुश्ती स्टेडियम बनाएंगे। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में 41 साल बाद पुरुष हॉकी टीम ने पदक का सूखा खत्म किया है। इस टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी सुरेंद्र व सुमित शामिल हैं। इन्हें खेल नीति के तहत ढाई-ढाई करोड़ रुपये व द्वितीय श्रेणी की नौकरी खेल विभाग में दी जाएगी।
इन्हें वरिष्ठ कोच के पद पर नियुक्ति देंगे ताकि खेलों व खिलाड़ियों को बढ़ावा दिया जा सके। दोनों खिलाड़ियों को सरकार रियायती दरों पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का एक-एक प्लॉट भी देगी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पूरे देश को नाज है।