करनाल -4 जून को होने वाली मतगणना को लेकर तैयारी पूरी

0
41

करनाल -उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा कि करनाल लोकसभा क्षेत्र के आम चुनाव व करनाल विधानसभा उपचुनाव के मतों की गणना को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए हैं। मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र का पूर्णत: नियंत्रण सहायक रिटर्निंग अधिकारी के पास है। उनकी अनुमति के बिना कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकता। उन्होंने निर्देश दिए कि ईवीएम व पोस्टल बैलेट की गणना की कोई भी व्यक्ति फोटो नहीं खींच सकता। स्ट्रांग रूम से जब ईवीएम मतगणना हॉल में ले जाई जाती है तो उसकी वीडियोग्राफी होगी और स्ट्रांग रूम से हॉल तक पूरी तरह बैरिकेडिंग की गई है। उम्मीदवार का चुनाव एजेंट या वे स्वयं इस प्रक्रिया को देख सकते हैं।

उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि 4 जून को करनाल लोकसभा क्षेत्र के आम चुनाव व करनाल विधानसभा उपचुनाव के मतों की गणना प्रातः 8 बजे शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि नीलोखेड़ी-19 की मतगणना एसडी मॉडल स्कूल के लाइब्रेरी हॉल, इंद्री-20 की मतगणना एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लाइब्रेरी हॉल, करनाल-21 की मतगणना डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के हॉल नम्बर 1, करनाल-21 उप चुनाव की मतगणना डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लाइब्रेरी हॉल, घरौंडा-22 की मतगणना एसडी मॉडल स्कूल के विवेकानंद हॉल में तथा असंध-23 के मतों की गणना एसडी मॉडल स्कूल के विवेकानंद ब्लॉक में की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक काउंटिंग सेंटर पर 14 काउंटिंग टेबल की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक टेबल पर 3 काउंटिंग स्टाफ उपलब्ध रहेगा, जिसमें माइक्रो ऑब्जर्वर, काउंटिंग सुपरवाइजर तथा काउंटिंग असिस्टेंट शामिल है।