करनाल – उपायुक्त डा0 आदित्य दहिया ने कहा कि भारत सरकार के स्वच्छता एप पर आई शिकायतों का निपटारा करने में करनाल जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है और घरौंडा नगरपालिका जिला में अग्रणीय स्थान पर रही है। डीसी ने इसके लिए सचिव देवेन्द्र नरवाल व कम्प्यूटर ओपरेटर गुरप्रीत की पीठ थपथपाई और जिला की अन्य नगरपालिकाओं के सचिवों को सलाह दी कि घरौंडा नगरपालिका से प्रेरणा लें और अपने शहर को साफ-सुथरा बनाएं।
उपायुक्त मंगलवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 को लेकर नगरनिगम व नगरपालिकाओं के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के स्वच्छता एप पर आई शिकायतों का निपटारा करने में राष्ट्रीय स्तर पर घरौंडा नगरपालिका को 34वां रैंक मिला है और हरियाणा प्रदेश में करनाल जिला को पहला स्थान प्राप्त हुआ है जोकि एक गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में पूरे भारत के करीब 4041 शहर भाग ले रहे है, भारत सरकार की सर्वेक्षण टीम जिला में 4 जनवरी से निरीक्षण के लिए आएगी, इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। उपायुक्त ने बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण में अव्वल स्थान हासिल करने के लिए अधिकारियों को टिप्स दिए और कहा कि कडी मेहनत से काम करें और स्वच्छ सर्वेक्षण में अव्वल स्थान प्राप्त करके जिले का नाम रोशन करें। स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने वाली नगरपालिकाओं के सचिवों को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने उपस्थित अधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि उपायुक्त डा0 आदित्य दहिया ने स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगित में अव्वल स्थान हासिल करने के लिए जो टिप्स दिए है उन पर गंभीरता से कार्य करने की जरूरत है, निसंदेह करनाल जिला पूरे देश में अव्वल पोजिशन पर रहेगा।

























