जयपुर – पुलिस और स्थानीय लोगों में हिंसक झड़प , चार इलाकों में कर्फ्यू, इंटरनेट बंद

0
251

किशोर सिंह /जयपुर – शहर के रामगंज थाना क्षेत्र में कल देर रात दंगा भड़कने के बाद रामगंज समेत चार इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। जानकारी के मुताबिक मामूली बात को लेकर शुक्रवार को यहां स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई जिसके बाद कई वाहनों में आग लगा दी गई। भीड़ ने पावर हाउस को भी आग के हवाले कर दिया और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इसके बाद यहां तनाव की स्थिति को देखते हुए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं l

स्थानीय लोगों के मुताबिक रामगंज में चौराहे के पास ठेला हटवाने की कोशिश करने के दौरान बाइक पर जा रहे कपल को पुलिस का डंडा लग गया। इसके बाद कहासुनी शुरू हुई जो हिंसा में तब्दील हो गई। गुस्साई भीड़ ने थाने में घुसने की भी कोशिश की। घटना में कई पुलिसवाले घायल हो गए हैं जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस संघर्ष में एक की मौत हो गई। मामले को बढ़ता देख प्रशासन ने जयपुर के चार थानों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है।

रामगंज, गलता गेट, बड़ी चौपड़, मानक चौक और सुभाष चौक पुलिस थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगाया गया है। थाने का घेराव करने के बाद उग्र भीड़ ने आगजनी और पथराव शुरू कर दिया तो पुलिस के हाथ पांव फूल गए। जिसके बाद उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने तुरन्त विभिन्न थानों के 150 जवानों के मौके पर भेजा। साथ ही एसटीएफ और क्यूआरटी के जवानों को भी रामगंज में तैनात किया गया।आनन-फानन में भीड़ को वहां से हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा लेकिन तब तक पुलिस के कई जवान पत्थरबाजों के हाथों जख्मी हो चुके थे। पुलिस की लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक चारदीवारी इलाके में पतंग वाले मोहल्ले का निवासी आदिल था।

वहीं पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे और लोगों से शांति की अपील की।