कान्तापाल/ नैनीताल – उत्तराखण्ड के राज्यपाल डाॅ.के.के. पाॅल आज से दो दिन के नैनीताल दौरे पर है । राज्यपाल के साथ उनकी धर्मपत्नी लेडी गवर्नर ओमिता पाल भी नैनीताल पहुँची है। राज्यपाल नैनीताल पहुँचने के बाद मॉलरोड स्थित गवर्नर बोट हाउस पहुँचे जहाँ उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक ली और नैनीझील के गिरते जल स्तर को लेकर चर्चा की। मीडिया से मुखातिब होते हुए राज्यपाल डॉ. के.के.पॉल ने कहा कि नैनीताल की सुंदरता उसकी झील से है और उसे बचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। कहा कि पर्यावरण एवं पर्यटन की दृष्टि से भी नैनी झील का अपना महत्व है। पिछले वर्ष वर्षा की कमी के चलते झील का जलस्तर खासा कम हो गया था। पूर्व के वर्ष के भाति झील का जलस्तर इस वर्ष भी कम ना हो जाए, इसके लिए मंत्रणा की जा रही है और झील के जल स्तर को बनाए रखने के लिए कार्य योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिससे पानी के उपभोग को कम से कम किया जाए। साथ ही राज्यपाल ने लोगों से अपील की कि जल ही जीवन है, पानी को बचाएं और पानी की बर्बादी ना करें। नैनीताल का अस्तित्व झील से है अगर झील ही नहीं रहेगी तो नैनीताल का भी अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा।























