करनाल – 20 वर्ष पुरानी मांग पूरी ,ओएसडी ने वोल्वो बस को झंडी दिखाकर किया रवाना

0
257
करनाल – ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के लोगों की मांग को पूरा करते हुए करनाल बस अड्डे से वोल्वो बस चलाने की मंजूरी दी। मुख्यमंत्री की इस बड़ी सौगात से इस क्षेत्र के लोगों को चंडीगढ़ और दिल्ली जाने में सुविधा मिलेगी। लोगों की सुविधा और मांग के अनुसार करनाल से बसों की संख्या को बढ़ाया भी जा सकेगा।
ओएसडी शुक्रवार को बलड़ी बाईपास पर स्थित करनाल के नये बस अड्डे से वोल्वो बस को झंडी दिखाकर रवाना करने के उपरांत मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नये बस अड्डे का निर्माण करवाकर करनाल क्षेत्र के लोगों की करीब 20 वर्ष पुरानी मांग को पूरा किया है। बस अड्डे के उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने करनाल में वोल्वो बस के ठहराव बारे अनुरोध किया था। इस मांग पर भी मुख्यमंत्री ने कड़ा संज्ञान लेते हुए मात्र 20 दिन में बस अड्डे से वोल्वो बस की सेवा शुरू करवाकर इस क्षेत्र के लोगों को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि करनाल एक विकसित शहर है,यहां के व्यापारी,उद्योगपति,अधिकारी,कर्मचारी यहां तक की उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यार्थी अक्सर दिल्ली से चंडीगढ़ आते-जाते है, अब उन्हें करनाल के बस अड्डे से वोल्वो बस की सेवा मिलनी शुरू हो गई है।
एक सवाल के जवाब में ओएसडी अमरेन्द्र ने कहा कि नगर निगम द्वारा शुरू की गई सिटी बस को घाटे से उभारने के लिए परिवहन विभाग व नगर निगम के अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिये गए है,इतना ही नहीं बस क्यू शैल्टर पर स्वच्छ पेयजल,सुलभ शौचालय की व्यवस्था करने बारे भी कहा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को बेहतरीन व्यवस्था देने के लिए वचनबद्ध है और इस दिशा में सरकार द्वारा कारगर कदम भी उठाए जा रहे है। सरकार द्वारा करनाल को सुंदर व स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में भी कार्य तेज गति से करवाया जा रहा है, आने वाले दिनों में करनाल शहर हरियाणा का ही नहीं बल्कि उत्तर भारत का एक सुंदर शहर बनेगा।
इस अवसर पर सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य आजाद सिंह,भाजपा नेता अशोक सुखीजा,सुनील गोयल, कविन्द्र राणा, एडवोकेट राजेश शर्मा, दीपक गुप्ता,कुलदीप शर्मा,जोगिन्द्र मदान,पार्षद वीर विक्रम,अशोक भंडारी, जीएम रोड़वेज अश्वनि डोगरा,डब्ल्यू एम सुमिन्द्र कुमार, रोड़वेज युनियन से रामनिवास शर्मा,जयभगवान चोपड़ा,गोपाल कृष्ण,रविन्द्र मंगलौरा सहित अन्य कर्मचारी व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
करनाल बस अड्डे से शुक्रवार से दो वोल्वो बसों की सेवा शुरू हो चुकी है। इसके अनुसार  बस अड्डे से चंडीगढ़ के लिए प्रात: 7 बजे वोल्वो चलेगी और फिर चंडीगढ़ जाएगी। चंडीगढ़ से दिल्ली और दिल्ली से करनाल आएगी। इसी प्रकार दूसरी वोल्वों करनाल बस अड्डे से प्रात: 6 बजकर 50 मिनट पर चलेगी जो दिल्ली जाएगी। यह बस दिल्ली से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से करनाल आएगी।
ओएसडी ने जीएम रोड़वेज को लोगों की मांग पर निर्देश दिये कि करनाल से जो भी बस रात 9 बजे के बाद रवाना होती है,उस बस के ठहराव को निर्धारित बस स्टापिज पर रूकवाना सुनिश्चित करें। लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो,इस पर विशेष ध्यान दे।
ओएसडी ने शुक्रवार को जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी तथा अधिकारियों के सहयोग से उनका निराकरण किया। जनता दरबार में बिजली,पानी,पेंशन,गली,नाले व सडक़ बनवाना तथा पुलिस संबंधी मामले आए,जिनका ओएसडी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। इस मौके पर कुलदीप शर्मा,सुनील गोयल,भगवान दास अग्गी,ओमप्रकाश अरोड़ा सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।