कुल्लू – लगघाटी के देवेश ने दिल्ली में आयोजित ब्राजीलियन जियू-जित्सु मार्शल आर्ट में जीते 3 स्वर्ण पदक

0
978

कौशल/ कुल्लू  – ब्राजीलियन जियू-जित्सु मार्शल आर्ट की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगघाटी के देवेश ठाकुर ने तीन स्वर्ण पदक जीत कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बीते दिनों दिल्ली में हुई इस प्रतियोगिता में देवेश ठाकुर ने 80.2 किलोग्राम, 82 किलोग्राम और ओपन भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर कुल्लू जिला ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है।  देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान बिरला इंस्टीट्यूट आॅफ
टैक्नोलाॅजी पिलानी से बी.टैक डिग्रीधारक देवेश ठाकुर ने जियू-जित्सु संस्थान बंगलूरू की ओर से भाग लेते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। देवेश ठाकुर ने बताया कि ब्राजीलियन जियू-जित्सु भारत में भी बहुत ही तेजी से उभरता हुआ मार्शल आर्ट है। जूडो और कुश्ती से मिलता-जुलता यह खेल विश्व भर में काफी लोकप्रिय है। देवेश ठाकुर के पिता डा. बलदेव ठाकुर स्वास्थ्य विभाग के निदेशक हैं और माता शशि ठाकुर सेवानिवृत एचएएस अधिकारी हैं, जबकि दादा मौलू राम ठाकुर हिमाचल प्रदेश के जाने-माने साहित्यकार हैं तथा भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक रहे हैं। डा. बलदेव और शशि ठाकुर ने बताया कि बचपन से ही देवेश का रुझान खेलों की ओर रहा है। बिरला इंस्टीट्यूट आॅफ टैक्नोलाॅजी पिलानी में बी.टैक की पढ़ाई के दौरान भी वह अक्सर खेलों में अव्वल रहता था। बी.टैक के बाद उसे बंगलूरू में एक प्रसिद्ध बहुराष्ट्रीय कंपनी में बड़े पैकेज पर नौकरी भी मिली, लेकिन खेलों के प्रति उसका जज्बा बरकरार रहा और अब वह बंगलूरू में ब्राजीलियन जियू-जित्सु मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण ले रहा है तथा राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले रहा है।