पानीपत – गुरुद्वारे का गुंबद गिरा , मलबे में आज और दो लोगों के शव मिले

0
186

पानीपत – जीटी रोड गुरुद्वारा पहली पातशाही में गुंबद गिरने के बाद राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मलवे के नीचे दबे दो लोगो के शव मिले, लेकिन अचानक ऊपर से मलबा गिरने से राहत कार्य में दिक्कत हो रही है। बाद में एक शव निकाल दिया गया। वहीं, मलबे में दबे एक मजदूर की कल ही मौत हो गई थी। मौके पर तमाम आलाधिकारी भी मौजूद हैं। इस बीच, सीएम मनोहर लाल भी मंगलवार दोपहर राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस घटना की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित करें। साथ ही मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। गंभीर रूप से घायल को दो लाख तथा जो मामूली रूप से घायल हैं उन्हें एक लाख रुपये की सहायता देने की बात कही।

सोमवार सायं गुरुद्वारा पहली पातशाही गुंबद अचानक गिर गया था। इसके कारण मलबे  के नीचे कई लोग दब गए थे। कुछ लोगों को कल ही निकाल दिया गया था जिनमे से एक की मौत भी हो गई थी। मलबे के नीचे दबे चार अन्य लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ की टीम रातभर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। गुरुद्वारे का  गुंबद गिरने के बाद राहत व बचाव कार्य के लिए रिफाइनरी व मधुबन से टीमें बुलाई गई। देर रात दिल्ली की एनडीआरएफ टीम भी पहुंची। टीम के जवानों ने आते ही मोर्चा संभाला। फटाफट कैमरे सेट कर दिए। लेंटर काटने का कार्य शुरू कर दिया। कैमरा लगाते ही मलबे से एक की लोकेशन का पता चल गया। टीम के जवानों को उम्मीद बंधी की मलबे में शायद वह जीवित है। रात डेढ़ बजे एनडीआरएफ की टीम ने एक लेंटर तोड़ दिया। सीसीटीवी में गुंबद के ठीक नीचे मजदूरों के दबे होने की लोकेशन मिली है। इस अवसर पर विधायक रोहिता रेवड़ी, महीपाल ढांडा, जिलाध्यक्ष प्रमोद विज, डॉ. अर्चना गुप्ता, संजय भाटिया, सुरेंद्र रेवड़ी, पार्षद हरीश शर्मा व मेघराज गुप्ता मौजूद रहे।