राजस्थान के भरतपुर में मैरिज हॉल की दीवार गिरी, 26 की मौत

0
184

भरतपुर – राजस्थान के भरतपुर में बुधवार रात करीब  10 बजे एक शादी समारोह के दौरान खाना खा रहे लोगों पर आंधी-तूफान के चलते मैरिज हॉल की दीवार गिर गई जिससे  26 लोगों की मौत हो गई जबकि, 28 से ज्यादा घायल हो गए। मृतकों में आठ महिलाएं, पांच बच्चे और 11 पुरुष शामिल हैं। यहां सेवर रोड स्थित अन्नपूर्णा  मैरिज होम में एक शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात जयपुर के जौहरी बाजार से भरतपुर आई थी। सूचना पर जिला कलक्टर एन.के.गुप्ता, एसपी अनिल कुमार टांक सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है वहीं मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जांच के आदेश देते हुए मैरिज होम के संचालक भरतलाल के छोटे भाई लक्ष्मण को हिरासत में ले लिया गया है।

रात में करीब 10 बजे भरतपुर में तेज आंधी के साथ बारिश आई। इस दौरान जहां पर खाने की स्टॉल लगे थे, उसके पीछे की दीवार गिर गई। इससे खाना खा रहे लोग दब गए। दीवार के सामने की तरफ एक टिन शेड लगा हुआ था, वह भी उखड़ गया। दीवार और टिनशेड गिरने से करीब 50-60 लोग दब गए। चश्मदीद लक्ष्मण प्रसाद के मुताबिक, शादी में करीब 800 से ज्यादा लोग मौजूद थे। तभी धमाका हुआ। लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग नीचे गिर गए और भागते लोग उनके ऊपर से दौड़ते रहे। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद पूरे जिले की एंबुलेंस को मैरिज होम भेज दिया गया। इधर, घायल और मृतकों को एंबुलेंस से आरबीएम अस्पताल में लाया गया। यहां जैसे ही किसी के मरने की जानकारी डॉक्टर देते तुरंत उस लाश को मोर्चरी में रख दिया जाता। रात में करीब 12 बजे जब सभी घायल आरबीएम आ गए, तब तक लाशों की गिनती की गई, तब तादाद 23 थी। सुबह तक यह तादाद बढ़कर 24 हो चुकी थी। इस कारण मृतकों के नाम और पते की जानकारी नहीं हो सकी।