रॉड से पीट- पीटकर वकील की हत्या , कोर्ट में वकीलों का दो दिन काम बंद

0
373

सुमित / पानीपत   –  जमीन के विवाद में रंजिश के चलते कोर्ट जा रहे  एक वकील को चार लोगों ने रॉड से पीट-पीटकर मार डाला। हमलावरों में दो सगे भाई व दो उनके साथी बताए जा रहे हैं l  कालीरामणा मोहल्ला निवासी एडवोकेट कंवरभान घर से बैग लेकर पैदल ही कोर्ट जाने के लिए निकले थे । रास्ते में भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष जगदीश रमन के घर के सामने चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और लोहे के रॉड से हमला कर दोनों पैर और दायां हाथ तोड़ दिया। कंवरभान चिल्लाते रहे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। गंभीर रूप से घायल कंवरभान को परिजन सामुदायिक केंद्र समालखा ले गए, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन कंवरभान को दिल्ली के मैक्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इनके खिलाफ सप्ताह भर पहले ही वकील कंवरभान ने फर्जी कागजातों के आधार पर उसके हिस्से का प्लॉट अपने नाम कराने का केस दर्ज कराया था। पुलिस की चार टीमें हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई है।

थाना समालखा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कंवरभान और हमलावरों के बीच प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था । पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने पुलिस में केस दर्ज कराया था। गत 11 जनवरी को कंवरभान ने अंकुर, उसके भाई संदीप के अलावा नंबरदार राजबीर सिंह व हलका पटवारी सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ फर्जी तरीके से कागजात तैयार कराकर उनके प्लॉट की रजिस्ट्री अपने नाम कराने की शिकायत देकर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी कांता देवी के बयान पर देर रात पुलिस ने अंकुर और उसके दो भाइयों और जोगिंद्र व दो अन्य पर केस दर्ज किया है।पानीपत बार एसोसिएशन के प्रधान निर्मल सिंह गुर्जर ने पानीपत कोर्ट में दो दिन का काम बंद कर पुलिस अधिकारी को एसपी के नाम ज्ञापन सौपा। प्रधान  ने कहा कि अगर आरोपी दो दिन में नहीं पकड़े गए तो प्रदेश स्तर पर वकीलों को इक्क्ठा कर बड़ा आंदोलन किया जायेगा ।