करनाल – आवर्धन नहर के 60.200 नम्बर पर बाईं ओर रांवर पुल के नजदीक पटरी में सुराख होने के कारण सुबह पानी का रिसाव शुरू हो गया, जानकारी मिलते ही उपायुक्त निशांत कुमार यादव व सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक सुराख ने व्यापक रूप धारण कर लिया। नहर के पानी का बहाव नजदीक लगते करीब 250 एकड़ में पहुंच गया और कुछ पानी रांवर गांव आबादी देही में प्रवेश कर गया। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने पानी के बहाव को रोकने के लिए मशक्कत की और देखते ही देखते उपायुक्त निशांत कुमार यादव व उनकी पूरी टीम ने सब प्रबंध किए । घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। उन्होंने भी ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस पानी का काबू कर लिया जाएगा, घबराने की कोई बात नहीं है। यह अचानक नहर में सुराख होने के कारण हुआ है।
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने मीडिया को बताया कि आवर्धन नहर में सुबह एक सुराख होने के कारण पानी के बहाव की स्थिति तेज हो गई है, गांव के कुछ क्षेत्र में भी पानी चला गया है। गांव में जाने वाले पानी को सिंचाई विभाग व राजस्व विभाग व आपदा विभाग की टीम द्वारा नाके लगाकर काबू पा लिया गया है। अभी स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि जहां प्रशासन तत्परता से इस कटाव पर रोक लगा रहा है वहीं डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। वह सुबह से ही मिट्टी भराव के कार्य में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यमुनानगर से पानी को रूकवा दिया गया है और आने वाले कुछ घंटों में इस पानी बिल्कुल काबू पा लिया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि आवर्धन नहर के ऊपर से बाईपास बनाया जाना प्रस्तावित है, जल्दी ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा, परंतु कोविड-19 के दौरान इस कार्य के शुरू होने में विलम्ब हुआ है। सिंचाई विभाग द्वारा निरंतर नहरों की सफाई व मरम्मत का कार्य करवाया जाता है, परंतु इसके बावजूद भी कोई न कोई सुराख रह जाता है, जिसके कारण यह पानी का बहाव हो सका। उपायुक्त ने बताया कि रांवर गांव में पानी का बहाव हुआ है, गांव में पानी के बहाव के कारण ग्रामीणों को सूचित कर दिया गया है कि घबराने की जरूरत नहीं है। गांव में अब पानी नहीं आने दिया जाएगा और जो पानी अंदर आ गया है उसको कुछ ही समय में बाहर निकाल दिया जाएगा। गांव की सुविधा के लिए पीने के पानी व खाने की व्यवस्था कर दी गई है। गांव में किसी को भी दिक्कत नहीं आने दी जाएगी, पशुओं के लिए एम्बुलैंस व कश्यप धर्मशाला में डाक्टरों की टीम बैठा दी गई है ताकि किसी प्रकार की कोई बीमारी ना फैले।

उपायुक्त ने बताया कि आवर्धन नहर के कटाव के कारण करीब 250 एकड़ में पानी ने प्रवेश किया है। अभी किसी जानमाल का नुकसान का आंकलन नहीं है यदि किसी प्रकार का कोई भी नुकसान सामने आता है तो संभव है उसकी भरपाई सरकार द्वारा की जाएगी। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। उपायुक्त ने एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक को आदेश दिए कि वह गांव में ही रहकर सभी जरूरी व्यवस्था देखें तथा गांव के लोगों का मार्गदर्शन करें, जो भी जरूरी सुविधाएं हैं उन्हें मुहैया करवाएं। जिला प्रशासन व डेरा कार सेवा, निर्मल कुटिया व राधा स्वामी सत्संग द्वारा गांव व घटना स्थल पर करीब 5 हजार खाने के पैकेट तैयार करके भेजे हैं। रांवर के गुरूद्वारे में भी ग्रामीणों के लिए खाने का विशेष प्रबंध किए गए हैं, किसी भी ग्रामीण को पीने के पानी व खाने की दिक्कत नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें।

























