करनाल -लड़कियां समाज में अपनी अलग से पहचान बनाएं : रेखा शर्मा

0
217

करनाल – राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने युवा लड़कियों का आह्वान किया कि वे अपने अंदर आत्मविश्वास जगाए, खुली आंखों से सपने देखे और लक्ष्य हासिल करके समाज में अपनी पहचान बनाए तथा ऐसा कार्य करें ताकि मां-बाप को बेटी के नाम से जाना जाए।
चेयरपर्सन रेखा शर्मा शुक्रवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग की ओर से करनाल के डॉ मंगलसेन ऑडिटोरियम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय संसद विषय, महिलाओं के अधिकार तथा उनकी सुरक्षा को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। चेयरपर्सन ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस मौके पर सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल, हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया, हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्षा मलिक रोजी आनंद करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता, आपराधिक मनोवैज्ञानिक अनुजा कपूर, सिरसा महिला कॉलेज की प्राचार्या पूनम वधवा, पंडित लख्मी चंद विश्वविद्यालय रोहतक से रजिस्ट्रार किरण काम्बोज, हरियाणा पुलिस इंस्पेक्टर अनीता कुंडू ने वक्ताओं के तौर पर अपने विचार साझा किए तथा उपस्थित महिलाओं को जागरूक किया।
चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने कहा कि महिलाओं के लिए आज के समय में हर क्षेत्र में दरवाजे खुले है, जो वह बनना चाहे बन सकती है। सरकार द्वारा भी महिलाओं एवं छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा उनके उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है। इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि लड़कियों के प्रति लोगों को सोच में बदलाव लाने की जरूरत है और लड़कियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना चाहिए। उन्होंने युवा लड़कियों से कहा कि 18 वर्ष के बाद संविधान के अनुसार वे अपने अधिकारों को प्राप्त करने की अधिकारी है और उन्हे अवश्य प्राप्त करने चाहिए। उन्होंने कहा कि शादी को ईशु ना बनाए बल्कि अपने पैरों पर खड़ा होने को लेकर गंभीरता से कार्य करें।
कार्यक्रम में सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि महिलाएं आज पुरूषों के समान हर क्षेत्र में आगे आ रही है, चाहे खेल, राजनीति, शिक्षा यहां तक की सुरक्षा बलों में भी आज हमारी बेटियां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। सरकार द्वारा भी महिलाओं को सशक्त करने के प्रयास किए जा रहे है और एक साफ-सुथरा माहौल देने का काम किया है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और महिला आयोग की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास है कि महिलाओं के लिए सरकार द्वारा बनाए जाने वाले प्रोग्राम व पोलिसिज में अच्छे सुझाव दिए जाए ताकि महिलाएं सरकार के कार्यक्रमों से लाभान्वित हो। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से देश व प्रदेश में बहुत बड़ा बदलाव हुआ है। अब महिलाएं अपने अधिकारों तथा शोषण के खिलाफ अपनी आवाज उठाने लगी है। यही महिला सशक्तिकरण का प्रमाण है।
इस अवसर पर हरियाणा पिछड़ा वर्ग की चेयरपर्सन निर्मला बैरागी, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, मीडिया कोर्डिनेटर जगमोहन आनंद, भाजपा महिला मोर्चा की नेता मीना चौहान, नगर पार्षद रजनी परोचा सहित राज्य महिला आयोग के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।