करनाल – कुटेल गांव के सरकारी स्कूल के छात्र की करंट लगने से मौत

0
372

करनाल – घरौंडा के कुटेल गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। स्कूल से गैर हाजिर छात्र स्टेडियम में टॉयलेट की छत पर फेंके अपने स्कूल बैग को उतारने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान छात्र छत से गुजर रही हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना से पूरे गांव व स्कूल में सनसनी फैल गई। मौके पर पुलिस व स्कूल प्रबंधन पहुंच गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भेज दिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुटेल गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में नौवीं कक्षा का 14 वर्षीय छात्र आर्यन पुत्र जिले सिंह वीरवार को स्कूल से गैर हाजिर पाया गया। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, हाजिरी लेने के बाद आर्यन अनुपस्थित मिला तो वॉट्स ग्रुप और कॉल के माध्यम से परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों की तरफ से स्कूल प्रबंधन को जवाब मिला कि आर्यन स्कूल ड्रेस में तैयार होकर बैग के साथ गया हुआ है। जिसके बाद उसकी मां ने उसे ढूंढना शुरू किया। ढुंढते-ढुंढते आर्यन की मां स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित स्टेडियम में पहुंची, जहां पर उसे आर्यन मिला। उसकी मां ने आर्यन से पूछा कि बैग कहां है तो आर्यन ने बताया कि बैग छत पर फेंका हुआ है।  जब आर्यन बैग उतारने के लिए टॉयलेट की छत पर चढ़ा। छत पर 11 हजार वोल्टेज की नंगी तार गुजर रही थी।  इसी दौरान छात्र हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आ गया। बिजली की नंगी तार आर्यन की गर्दन पर लगी और एक बड़ा झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होता देख छात्र की मां ने आस पास के लोगों को बताया। जिसके बाद ग्रामीण व स्कूल प्रबंधन मौके पर पहुंच गया। पुलिस को सूचना मिली तो मधुबन पुलिस मौके पर जा पहुंची और बिजली बंद करवाकर छात्र का शव नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से भी छात्र को लेकर पूछताछ शुरू की।

टॉयलेट की छत पर  हाई वोल्टेज की तारें गुजर रही है। पावर लाइन की तीन तारें थी। जिनमें से एक तार ढीली होकर छत पर पहुंच चुकी थी, जबकि अन्य दो तारें कई फुट की ऊंचाई पर है। कहीं ना कहीं संबंधित विभाग की लापरवाही रही है। यदि समय रहते बिजली की तार को टाइट किया गया तो शायद यह हादसा ना होता। हैरानी की बात है कि इतनी हाई वोल्टेज की तारों के नीचे स्टेडियम कैसे बन गया l फोटो में साफ दिख रहा है कि तार छत को छू कर गुजर रही है l

स्कूल प्रिंसिपल मनदीप शर्मा ने बताया कि सुबह सभी छात्रों की हाजिरी ली गई तो छात्र स्कूल नहीं आया था। वाट्सअप ग्रुप और फोन से परिजनों को सूचित कर दिया गया था। बाद में पता चला कि आर्यन की मां उसे ढूंढते हुए स्टेडियम में पहुंची थी। वह उसे स्टेडियम में मिला था। जिसने स्टेडियम के टॉयलेट की छत पर बैग फेंका हुआ था। बैग उतारने के लिए वह छत पर चढ़ा था। जहां पर वह बिजली की तारों की चपेट में आ गया।

सज्जन सिंह, थाना प्रभारी मधुबन का कहना है ,कुटेल गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र आर्यन की करंट लगने से मौत हो गई है। छात्र स्कूल से गैरहाजिर था। छात्र की मां उसे ढूंढते हुए स्टेडियम में पहुंची थी। छात्र ने टॉयलेट की छत पर बैग फेंका हुआ था। मां के कहने पर वह बैग उतारने के लिए छत पर चढ़ा था। बिजली की तार की चपेट में आने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। जांच की जा रही है।