करनाल -पुलिस ने कल रेलवे स्टेशन की पार्किंग से आठ लाख रुपये की नकदी से भरा बैग छीनने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इस वारदात के संबंध में कल शिकायतकर्ता सीताराम ,नीलोखेड़ी ने थाना सिविल लाइन करनाल में एक शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया कि वह अपने साले उमेश कुमार पुत्र रामजीलाल वासी सेक्टर 8 अर्बन एस्टेट करनाल के पास भट्टे पर लेबर की देखरेख का काम करता है। उसके साले उमेश ने भट्टे पर लेबर देने का काम लिया हुआ है और वह पहले भी एक बार लेबर को पैसे देने के लिए बिहार गया था और अब फिर वह भट्टे की लेबर को मजदूरी की पेमेंट देने के लिए बिहार जा रहा था। उमेश के कहने पर राहुल नाम का व्यक्ति जो कि भट्टे पर मुखिया का काम करता है, ने उसकी दिनांक 16 अगस्त को नई दिल्ली से पटना बिहार के लिए टिकट बुक कराई थी और राहुल को बिहार में लेबर की पेमेंट ले जाने की पूरी जानकारी थी। कल दिनांक 16 अगस्त को समय करीब सुबह 10 बजे एक बैग में आठ लाख रुपये भरकर इनोवा गाड़ी नंबर एचआर 05 बीए 3380 में मकान नंबर 120 सेक्टर 8 से रेलवे स्टेशन के लिए चले थे और इनोवा कार को राहुल चला रहा था। जब वह रेलवे स्टेशन करनाल पर पहुंचे तो बाइक सवार दो अज्ञात आरोपी राहुल के हाथ में से रुपयों से भरा बैग छीनकर मौका से फरार हो गए। इस संबंध में श्यामलाल के बयान पर थाना सिविल लाइन करनाल में धारा 379ए आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया।
उप निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने आज आरोपियों राहुल वासी हांसी चौक गली नंबर 5, राहुल का बड़ा भाई रोहित व संजय वासी बस अड्डा करनाल के पीछे झुग्गी झोपड़ी को गिरफ्तार किया गया है । आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में जांच में खुलासा हुआ कि वारदात से एक दिन पहले तीनों आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए योजना बनाई थी और वारदात को अंजाम देने के बाद रुपयों को आपस में बांटना था। आरोपी राहुल द्वारा दोनों आरोपियों को पहले से ही सारी जानकारी उपलब्ध करा दी गई थी। वारदात से पहले भी आरोपी राहुल ने ही अन्य दोनों आरोपियों को सूचना दी थी। जिसके बाद पूर्व नियोजित तरीके से बाइक पर सवार होकर आरोपी रोहित व संजय आए और रुपयों से भरा लेकर मौका से फरार हो गए। आरोपियों के कब्जे से 24.41 लाख रुपये की नगदी व वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपियों से अभी गहनता से पूछताछ जारी है व वारदात में छीनी गई नकदी से ज्यादा बरामद नकदी के बारे में भी गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जाएगा।























