पाकिस्तान: तेल टैंकर पलटने के बाद हुए विस्फोट में जलकर 123 लोग मरे

0
265

इस्लामाबाद – पाकिस्तान के बहावलपुर में रविवार सुबह एक तेल के टैंकर में आग लगने के कारण कम से कम 100 लोग जलकर मारे गए हैं। डॉन के मुताबिक, अहमद पुर शरिया नाम की जगह पर तेल का टैंकर पलटने के बाद उसमें हुए विस्फोट और उसके बाद फैली आग में 123 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस भीषण हादसे में 75 से भी ज्यादा लोग गंभीर रूप से जल गए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

खबरों के मुताबिक, हाईवे पर जब लोगों ने टैंकर को पलटते देखा तो उसमें से लीक होकर बाहर निकल रहे तेल को जमा करने के लिए लोग वहां जमा हो गए। इसी समय टैंकर में विस्फोट हो गया और इसकी चपेट में आकर लोग जलकर मर गए। आग लगने के थोड़ी देर बाद ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2 दमकल गाड़ियों ने टैंकर में लगी आग बुझा दी है। घटनास्थल के पास खड़ीं 6 कारें और 12 बाइक्स भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।