करनाल- – फर्जी आयोग का फर्जी राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरफ्तार

0
79
Screenshot
करनाल- करनाल के निसिंग थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है ,जहां एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है यह खुद को केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कथित आयोग का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताकर लोगों को ठग रहा था। बीते वीरवार को गांव ब्रास के मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उसके VIP आगमन की सूचना ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। इसके लिए ही ठग रिंकू ने निसिंग थाना से पायलट और एस्कॉर्ट की मांग की थी। पुलिस जब सुरक्षा व्यवस्था के लिए पहुंची, तो वहीं से शक की शुरुआत हुई। आरोपी की पहचान इंद्री के बीबीपुर जाटान निवासी रिंकू सैनी के नाम से हुई l पुलिस कमांडो की वर्दी में निजी सुरक्षा गार्ड और उसके चालक को भी निसिंग थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।   पुलिस ने तीनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
निसिंग थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि ब्रास गांव में वीरवार की रात को धार्मिक कार्यक्रम में रिंकू सैनी पहुंचा था। पुलिस को गृह मंत्रालय के सोशल जस्टिस वेलफेयर आयोग का चेयरमैन बताते हुए वीआईपी सुरक्षा देने बारे सूचना मिली थी। सुरक्षा को लेकर जब पुलिस गांव में पहुंची तो आरोपी रिंकू सैनी के साथ हरियाणा पुलिस कमांडो की वर्दी में पानीपत निवासी महेंद्र नाम का व्यक्ति था, उसके पास खुद का लाइसेंसी हथियार भी था। शक के आधार पर पूछताछ की तो पता लगा कि ठग रिंकू ने उसे बतौर निजी सुरक्षाकर्मी रखा है। सिर्फ दिखावे के लिए रिंकू ने ही उसे हरियाणा पुलिस कमांडो की वर्दी दी थी ताकि लोगों को लगे कि उसके पास सरकारी सुरक्षा है।

जाँच के बाद पुलिस ने आरोपी रिंकू के साथ महेंद्र और चालक विकास को भी गिरफ्तार किया है । अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को विदेश भेजने के नाम पर, नौकरी लगवाने के नाम पर ठगता था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई जिलों में 12 से ज्यादा प्राथमिकी दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि यह पहले राजस्थान पुलिस ने भी गिरफ्तार किया था और बीच के कुछ समय दुबई रहकर आया है और अब अपनी बड़ी राजनीतिक पहुँच का हवाला देकर ठगी कर रहा था l

पुलिस ने तीनों आरोपियों से दो लाइसेंसी हथियार, लालबत्ती और एक गाड़ी बरामद की है। तीनों वीआईपी कल्चर का दिखावा करके लोगों से ठगी करते थे। गाड़ी से ट्रांसफर नोट, विदेश भेजने संबंधी कागजात सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। इसके अलावा नौकरी संबंधी और तबादला करवाने सम्बन्धी  कागजात भी बरामद हुए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करनाल में अवैध रूप से बब्बू मान के शो के नाम पर टिकट बेचकर भी लोगों के साथ धोखाधड़ी की थी। इससे पहले रिंकू और उसकी पत्नी भाजपा में थे। वे वर्ष 2014 के चुनाव में इंद्री विधानसभा सीट से टिकट भी मांग रहे थे। उस समय भाजपा के कार्यक्रमों में वह और उसकी पत्नी सक्रिय तौर पर दिखाई देते थे । बाद में धोखाधड़ी समेत कई मामले उजागर होने पर पार्टी से भी निकाल दिया गया था ।