करनाल – ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को गाड़ी के बोनट पर लटकाकर दौड़ा चालक

0
201
Screenshot

करनाल: काले शीशे वाली कार चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है l बीते  शनिवार सेक्टर-6 चौक पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर खड़े एक पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हैरानी की बात यह रही कि कार से टक्कर के बाद पुलिसकर्मी कार के बोनट पर जा गिरा और चालक उसे काफी दूर तक लेकर भागता रहा। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसकी कार को क़ाबू कर लिया है l

Screenshot

हुआ यूं कि बीते शनिवार पुलिसकर्मी कुलबीर सिंह सेक्टर-6 के सरकारी कॉलेज वाले चौक पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान काले शीशों वाली एक संदिग्ध कार वहां से गुजर रही थी। जब पुलिसकर्मी ने गाड़ी को रुकने का संकेत दिया, तो चालक ने न सिर्फ आदेश की अनदेखी की, बल्कि तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। कार से टक्कर लगने के बाद पुलिसकर्मी  कुलबीर सिंह सीधे कार के बोनट पर जा गिरे। खुद को बचाने के लिए उन्होंने बोनट को मजबूती से पकड़ लिया। चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम नहीं की और पुलिसकर्मी को काफी दूरी तक इसी हालत में लेकर भागता रहा। गनीमत यह रही कि वह नीचे नहीं गिरे, जिससे उनकी जान बच गई l

पुलिस ने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में से यह पूरी रिकॉर्ड वारदात निकाली जिसमें साफ दिखाई देता है कि पुलिसकर्मी बोनट पर लटका हुआ है और चालक बिना रुके गाड़ी दौड़ा रहा है। कुछ दूरी पर जाकर अचानक ब्रेक लगाने पर पुलिसकर्मी नीचे कूदता नजर आता है, लेकिन इसके बावजूद वह वाहन को रोकने की कोशिश करता है।

पुलिस जांच अधिकारी निरंजन ने बताया कि टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को ट्रेस कर लिया है । जांच में पता चला कि कार चला रहा युवक नाबालिग था और उसके साथ एक नाबालिग लड़की भी मौजूद थी। वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। सैक्टर 6 की मार्किट में पुलिस ने उक्त कर की उस पर लगे स्टिकर से पहचान कर ली l  पुलिस ने आरोपी को पकड़कर जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर दिया  है और कार को जब्त कर लिया है।