करनाल – करनाल के कर्ण विहार इलाके में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूटी पर घर लौट रहे एक युवक पर दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं l ये बदमाश बाइक पर सवार होकर आये थे l हमलावरों ने पहले युवक को रोका, सिगरेट जलाने के बहाने उससे लाइटर मांगा और फिर उसकी पहचान पुख्ता करने के लिए फोटो दिखाई। जैसे ही पुष्टि हुई, बदमाशों ने युवक की टांगों पर गोलियां चला दी और फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान उज्जवल नाम के व्यक्ति के रूप में हुई है, जो कर्ण विहार का रहने वाला है और शीशे का अपना काम करता है। आनन फानन में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार, गोलियां युवक की टांगों में लगी हैं और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सेक्टर 32-33 थाना के जांच अधिकारी निरंजन ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमला किसी रंजिश का मामला हो सकता है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घायल युवक के रिश्तेदार रमेश कुमार ने बताया कि उज्जवल अपने एक रिश्तेदार को अस्पताल में देखने के बाद घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे निशाना बनाया गया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी l

























