करनाल- करनाल के राजकीय विद्यालय में मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने की प्रेरणादायक पहल लगातार जारी है। ग्रोवर परिवार द्वारा आयोजित स्मृति सम्मान समारोह ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। करनाल के राजकीय कन्या आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेलवे रोड में आज श्रीमती वीरा ग्रोवर एवं श्री बी. डी. ग्रोवर की पुण्य स्मृति में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्रोवर परिवार द्वारा वर्ष 2019 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और इस वर्ष इसका आठवां आयोजन रहा।
इस समारोह के तहत चार विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3100 रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 2100 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। साथ ही सभी छात्राओं को रिफ्रेशमेंट भी वितरित की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नरवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जीजीएमएसएसएस, रेलवे रोड करनाल से कक्षा छठी में हिमांशी ने प्रथम और स्नेहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10वीं में सलोनी प्रथम और निधि द्वितीय रही। कक्षा 8वीं में लक्ष्मी प्रथम और शिवांगी द्वितीय, जबकि कक्षा 9वीं में खुशी प्रथम और मुस्कान द्वितीय स्थान पर रही।
कक्षा 11वीं के विज्ञान वर्ग में माही, कॉमर्स में लीना और आर्ट्स में रुखसार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं, जीजीएसएसएस प्रेम नगर में कक्षा 9वीं में साक्षी प्रथम और खुशबू द्वितीय रही। 11वीं विज्ञान वर्ग में गार्गी, कॉमर्स में तान्या और आर्ट्स में संध्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।
जीएमएसएसएस मॉडल टाउन करनाल से कक्षा 9वीं में काशवी प्रथम और श्रुति तनवर द्वितीय रही। 11वीं विज्ञान में रिया, कॉमर्स में कृतिका और आर्ट्स में मलिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुभरी से कक्षा 9वीं में साहिल प्रथम और मन्नत द्वितीय रहे, जबकि 11वीं विज्ञान वर्ग में राखी और आर्ट्स में निशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि ग्रोवर परिवार द्वारा पिछले कई वर्षों से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए जो यह सराहनीय पहल की जा रही है, वह निश्चित रूप से अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है।
इस अवसर पर ग्रोवर परिवार से डॉ. सुनीता ग्रोवर, बाल किशन ग्रोवर, सीए दिनेश ग्रोवर,प्रीति ग्रोवर और सोनिया ग्रोवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन कंप्यूटर साइंस की प्रवक्ता सिमरन चौधरी ने किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने ग्रोवर परिवार का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा मिलता है। इस तरह के प्रयास समाज में शिक्षा के महत्व को और अधिक मजबूत करते हैं और विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं।


























