करनाल- वैज्ञानिक के घर में घुसकर स्कूल वैन ड्राइवर ने की महिला की हत्या और लूट की कोशिश

0
92
करनाल- केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के आवासीय परिसर में शुक्रवार को संस्थान में कार्यरत वैज्ञानिक के घर में घुसकर एक आरोपी ने लूटपाट और महिला की गला दबाकर हत्या करने  की कोशिश की l  पड़ोसियों की सूझबूझ से आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है। आरोपी की पहचान स्कूल वैन के ड्राइवर कृष्णकांत के रूप में हुई है l
संस्थान में वैज्ञानिक पद पर कार्यरत डॉ. अमरेश चौधरी की शिकायत पर रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाने के प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि डॉ. अमरेश का  बेटा कैम्ब्रिज मोंटेसरी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। कृष्णकांत नामक वैन चालक उसे प्रतिदिन स्कूल लाने-ले जाने का काम करता था। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जब डॉ. चौधरी की माता सुमन देवी घर में अकेली थीं, तब कृष्णकांत चहारदीवारी फांदकर उनके घर में दाखिल हुआ। आरोपी ने दरवाजे की घंटी बजाई और उनकी माँ को झूठ बोला कि उनके पोते की तबीयत खराब हो गई है और उसके दूसरे कपड़े बदलने की जरूरत है। इसके बाद उसने शौचालय प्रयोग करने का बहाना बनाया और घर के अंदर घुस गया।
वैज्ञानिक ने अपनी शिकायत में बताया गया है कि शौचालय से बाहर निकलते ही आरोपी ने अपनी जेब से कपड़ा निकाला और पीछे से सुमन देवी पर हमला कर दिया। उनका गला घोंटकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। गले से सोने की चेन लूटने की कोशिश की।  इस दौरान हुई मारपीट में उनकी माँ को गंभीर चोटें आईं हैं ।
महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले डॉ. असीम दत्ता और माण्डवी यादव मौके पर पहुंच गए। उन्हें देखकर आरोपी भागने लगा लेकिन भागते समय संस्थान की बाहरी दीवार पर लगे सुरक्षात्मक तारों में उसका हाथ फंस गया। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया गया । रामनगर थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।