करनाल- निरीक्षण के बाद इन खाद, बीज व कीटनाशक दुकानों का लाइसेंस रद्द

0
13

करनाल-  जिला में कृषि विभाग द्वारा यूरिया व डी0ए0पी. व अन्य खादों की आवश्यकता अनुसार मांग व पूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए खाद विक्रेताओं द्वारा टैगिंग, कालाबाजारी व अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों की रोकथाम के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में उप मंडल कृषि अधिकारी, गुण नियंत्रण निरीक्षक, सहायक पौधा संरक्षक अधिकारी  व अन्य सभी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं । जिला में इस कमेटी द्वारा खाद व कीटनाशक विक्रेताओं का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान खाद व कीटनाशक रिकॉर्ड से संबंधित जो भी खामियां पाई जाती हैं, एक्ट अनुसार उन पर विभाग द्वारा कार्यवाही की जा रही है।
कृषि उप निदेशक डॉ वजीर सिंह ने बताया कि अभी तक अधिकारियों द्वारा 42 खाद, बीज व कीटनाशक दुकानों का निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान कमी पाई जाने पर मैसर्स पंडित खाद भंडार, मंगलौरा, मेरठ रोड, मैसर्स सिंगला फर्टिलाइजर, नई अनाज मंडी, नरेंद्र ट्रेडिंग कंपनी मंगलौरा मेरठ रोड के खाद के लाइसेंस रद्द किये जा चुके हैं। मैसर्स  अर्नव पेस्टिसाइड फर्टिलाइजर, नई अनाज मंडी नीलोखेड़ी, मैसर्स साईं ट्रेडर्स गुरुद्वारा मार्किट नीलोखेड़ी, मैसर्स हरियाणा पेस्टिसाइड सीड स्टोर, क्लब मार्किट नीलोखेड़ी, मैसर्स रजत फर्टिलाइजर नीलोखेड़ी, मैसर्स चोलियान ट्रेडिंग कंपनी थाना रोड असंध, मैसर्स शिव शक्ति ट्रेडिंग कंपनी मुख्य अनाज मंडी रोड इंद्री, मैसर्स हिंदुस्तान फीड्स बजाज मार्किट इंद्री के खाद के लाइसेंस निलंबित कर दिए गये हैं। इसी प्रकार मैसर्स मोहन एग्रो सेल्स नई अनाज मंडी करनाल व मैसर्स चोलियान ट्रेडिंग कंपनी थाना रोड असंध का कीटनाशक लाइसेंस निलंबित कर दिए गये हैं।
उन्होंने बताया कि प्राय: देखने में आया है कि कुछ खाद विक्रेताओं द्वारा पोस मशीन के माध्यम से खाद की बिक्री नहीं की जा रही है,  जैसे खाद निर्माताओं पर विभाग द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है व आगामी कुछ दिनों में इनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दि फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर 1985 के तहत यदि कोई खाद विक्रेता सब्सिडी खाद के साथ अन्य कृषि सामग्री की टैगिंग करता है, तो इसके खिलाफ विभाग द्वारा सख्त कार्यवाही की जाएगी। सभी खाद विक्रेताओं द्वारा यह सुनिश्चित किया जाए कि खादों की बिक्री पोस मशीनों के माध्यम से हो तथा विक्रेता अपनी दुकान में स्टॉक व मूल्य का प्रदर्शन भी अनिवार्य रूप से करें।
कृषि उपनिदेशक ने किसानों से अनुरोध किया कि जिला में यूरिया व डी.ए.पी. खाद पर्याप्त मात्रा में है,  किसान आवश्यकता अनुसार इन्हें ले सकते है। खाद से संबंधित किसी प्रकार की समस्या के निवारण के लिए सम्बंधित खंड कृषि अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।