करनाल- सेक्टर-9 में हुए महिला हत्याकांड में डीएसपी ने किया खुलासा

0
75
Screenshot

करनाल- करनाल के सेक्टर-9 में हुए चर्चित महिला हत्याकांड में पुलिस ने आज खुलासा किया है l  पुलिस के मुताबिक इस हत्या की साजिश विदेश में रची गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के लिए पेशेवर शूटर का इस्तेमाल किया गया। मामले में गिरफ्तार आरोपी शूटर विकास को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस टीम इस हत्याकांड से जुड़े हर किरदार और इस्तेमाल किए गए हथियारों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

डीएसपी राजीव ने आज हुई  प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 15 मई को करनाल के सेक्टर-9 इलाके में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को एक युवक ने गन पॉइंट पर अंजाम दिया था। घटना के बाद सीआईए-1 की टीम ने कार्रवाई करते हुए लाडवा के गांव सलेमपुर निवासी आरोपी शूटर विकास को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में दो गोलियां लगी थीं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने 25 मई को आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और अब कोर्ट से उसका 6 दिन का रिमांड हासिल किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक महिला के पड़ोसी विकास पुत्र इंद्रजीत  का परिवार लंबे समय से पार्किंग विवाद को लेकर पीड़ित परिवार से रंजिश रखता था। इस विवाद को लेकर सेक्टर-9 थाना में कई शिकायतें भी दर्ज हुई थीं। डीएसपी राजीव के अनुसार इसी दौरान पड़ोसी इंद्रजीत की मौत हो गई थी और आरोपी विकास को यह शक था कि लगातार हो रही शिकायतों के कारण ही उसके पिता की मौत हुई। इसी रंजिश ने धीरे-धीरे हत्या की साजिश का रूप ले लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पड़ोसी विकास कुछ समय पहले ऑस्ट्रेलिया गया था। इसके बाद वह बैंकॉक पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात लाडवा के सलेमपुर निवासी विकास से हुई। दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती चली गई। विकास ने आर्थिक रूप से शूटर विकास की मदद भी की थी । डीएसपी राजीव ने बताया कि अब इस मामले में इंटरपोल और अन्य एजेंसियों के माध्यम से विदेश में बैठे आरोपी तक पहुंचने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि साजिशकर्ता को भी जल्द गिरफ्तार कर भारत लाया जाएगा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शूटर विकास पहले भी हत्या के मामले में दोषी है और सजा काट रहा था। वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था। बताया गया कि आरोपी दो बार पहले भी पैरोल पर बाहर आ चुका था, जबकि तीसरी बार पैरोल मिलने के बाद वह फरार हो गया था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। डीएसपी राजीव ने खुलासा किया कि महिला हत्याकांड के बाद आरोपी किसी अन्य बड़ी वारदात को भी अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस अब रिमांड के दौरान उससे इस पूरे नेटवर्क और संभावित अगली साजिश के बारे में पूछताछ करेगी। उन्होंने कहा कि करनाल पुलिस हर गंभीर अपराध को सुलझाने में सक्षम रही है ।

उन्होंने बताया कि संबंधित थाना प्रभारी को सुरक्षा के मद्देनजर निर्देश दिए गए हैं और परिवार की सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पूरे षड्यंत्र के मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी गई है।