करनाल- करनाल जो साईकिल पर चल कर स्मार्ट सिटी के पायदान पर पहुंचा, लेकिन स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने के बाद करनाल नगर निगम का सांझी साईकिल अभियान दम तोड़ गया। आज विश्व साइकिल दिवस पर कई लोग साइकिल को याद कर रहे हैं साथ ही इस अभियान को भी l क्योंकि तेज़ रफ़्तार वाले जीवन में साईकिल चलाते लोग केवल उँगलियों पर गिने जा सकते हैं l मेरा गांव मेरा मिशन संस्था ने 2015 में साईकिल चलाओ पर्यावरण बचाओ अभियान की शुरुआत की थी l विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं में यह संकल्प अभियान के साथ चलाया गया । पचास हजार से अधिक लोगों ने साईकिल चलाने के लिए संकल्प पत्र भरे ,इनमें उस समय के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ विधायक ,मंत्री और सासंदों के साथ डाक्टर और शिक्षाविद शामिल रहे। करनाल से शुरू हुआ यह अभियान मध्यप्रदेश उत्तरप्रदेश, बिहार, पंजाब और राजधानी दिल्ली के साथ अन्य प्रदेशों तक पहुंचा।

करनाल में कार फ्री डे मंगलवार नो कार डे की शुरुआत की गई लेकिन यहाँ के कुछ लोगों के विरोध के कारण उसे बंद करना पड़ा l मेरा गांव मेरा मिशन के सदस्यों शैलेंदर जैन, सुखबीर त्यागी ने बताया कि अभियान के दौरान स्कूलों में बच्चों को जा जाकर साईकिल प्रयोग में लाने की शपथ दिलवाई गई ,उन्हें समझाया गया कि यह प्रदूषण मुक्त साधन है, जिससे पर्यावरण सुरक्षित रहता है और महंगे ईंधन की बचत होती है, चोट लगने का खतरा कम है न ही पुलिस के चालान का डर l जिन बच्चों ने अभियान के दौरान साईकिल चलानी शुरू की उन्हें संस्था द्वारा सम्मानित भी किया गया l लेकिन अब साईकिल चलाने के लिए सड़क ही नहीं बची है साईकिल चलाने के लिए शहर में साईकिल ट्रैक बनना चाहिए l अभियान के सदस्य कुलदीप सिंह और नरेश सैनी ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को साईकिल के बारे में जागरूक करना चाहिए ताकि बच्चे अन्य वाहनों की बजाय साईकिल पर आएं और बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहें l
बचपन में हर बच्चा सबसे पहले छोटी सी साइकिल चलाकर पहली बार कुछ चलाने की ख़ुशी हासिल करता है लेकिन बड़े होते होते यही साईकिल कहीं खो जाती है और इसकी जगह बड़ी बड़ी गाड़ियां ले लेती हैं l साईकिल चलाना न सिर्फ पर्यावरण के लिए अच्छा है, बल्कि हमारी सेहत, फिटनेस के लिए भी बहुत ही फायदेमंद है l साइकिल दिवस पर या पर्यावरण दिवस पर आयोजित होने वाली जागरूकता रैलियों में लोग आमतौर पर साइकिल चला कर लोगों को जागरूक करते रहते हैं, पर यह केवल सन्देश देने तक ही सीमित रह गई है l
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार शरीर को स्वस्थ रहने के लिए, अच्छी फिटनेस और बढ़ते वजन को नियंत्रित करने के लिए रोजाना साइकिल चलाना फायदेमंद होता है। प्रतिदिन साईकिल चलाना हड्डियों और मांसपेशियों के विकास के लिए बेहतरीन है l इसी तरह नियमित रूप से साइकिल चलाने से हृदय रोगों का खतरा काफी कम हो जाता है। यह स्ट्रेस हार्मोन को कम करती है और मूड को बेहतर बनाती है , जिस से हमारी दिनचर्या ऊर्जावान रहती है l रोजाना साईकिल चलाने वाले महेंद्र ने बताया कि मैं 80 वर्ष से ऊपर का हूँ आज भी साईकिल पर सारे काम करता हूँ शारीरिक रूप से पूर्णतया स्वस्थ हूँ l


























