करनाल – सेवा भारती ने करनाल में 10 नये सेवा प्रकल्प केंद्रों की शुरुआत की

0
79

करनाल –  सेवा भारती हरियाणा ने शताब्दी वर्ष के अवसर पर सेवा विस्तार का ऐतिहासिक संकल्प पूर्ण करते हुए पूरे हरियाणा प्रांत में एक ही दिन, एक ही समय 151 नए सेवा प्रकल्पों का सफल शुभारंभ किया। यह ऐतिहासिक संकल्प समाज के अंतिम छोर तक कल्याणकारी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय सह-सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले ने ऑनलाइन माध्यम से सभी केंद्रों के कार्यकर्ताओं और बच्चों का प्रेरक मार्गदर्शन किया,  उन्होंने सेवा को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता से सेवा, संस्कार एवं संगठन के विस्तार हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। 

प्रदेश के सभी जिलों में एक ही समय शाम को नए सेवा प्रकल्पों का शुभारंभ हुआ। इनमें सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, बाल संस्कार केंद्र, मेहंदी प्रशिक्षण केंद्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्प प्रारंभ किए गए। 

सेवा भारती हरियाणा प्रदेश के संगठन मंत्री जितेंद्र कुमार ने बताया कि इन नए प्रकल्पों के माध्यम से समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा भारती का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज को सेवा के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं संस्कारित बनाना है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश भर के सभी जिलों में समाज के गणमान्य नागरिकों, दानदाताओं, सहयोगी परिवारों तथा सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना को चरितार्थ करते हुए सेवा विस्तार के इस संकल्प को सफल बनाया। “सेवा ही साधना, सेवा ही संगठन, सेवा ही समर्पण” के ध्येय वाक्य के साथ सेवा भारती हरियाणा प्रदेश ने समाज जीवन में सेवा के नए आयाम स्थापित करने का संकल्प दोहराया।