करनाल – पुलिस द्वारा एक स्कूल में हेराफेरी मामले में अकाउंटेंट को गिरफ्तार करने के बाद अब उसके साथी को गिरफ्तार किया है l थाना मुनक के प्रबंधक निरीक्षक रोहतास कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक रवि कुमार की टीम ने स्कूल की फीस की राशि में करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले में एक और आरोपी रविन्द्र पुत्र रमेश कुमार निवासी गांव मुनक, जिला करनाल को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि गांव मुनक स्थित आर्यकुलम् इंटरनेशनल स्कूल के जनरल सेक्रेटरी कुलदीप ने पुलिस को शिकायत दी थी कि स्कूल में फरवरी 2022 से अगस्त 2026 तक अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत रहे दिनेश द्वारा स्कूल की फीस की राशि में बड़े स्तर पर हेराफेरी की गई।
शिकायत में बताया कि दिनेश अभिभावकों से स्कूल की फीस अपने व्यक्तिगत बैंक खातों में जमा करवाता था तथा कुछ अभिभावकों से नकद फीस प्राप्त करके स्कूल के खातों में जमा नहीं करवाता था। इसके अतिरिक्त फीस की पुरानी तारीखों में रसीदें काटने, पहले जारी की गई रसीदों को निरस्त करने, फर्जी फीस रसीदें तैयार करने तथा स्कूल के डिजिटल रिकॉर्ड में छेड़छाड़ करने के आरोप भी लगाए गए।
शिकायत के आधार पर स्कूल प्रबंधन द्वारा विशेष ऑडिट करवाया गया। ऑडिट की अंतरिम रिपोर्ट के अनुसार आरोपी दिनेश के दो बैंक खातों में अभिभावकों द्वारा फीस के रूप में कुल 1,18,32,605 रुपये जमा करवाए गए, जिनमें से केवल 19,07,537 रुपये ही स्कूल के खातों में जमा करवाए गए। शेष 99,25,068 रुपये का हिसाब नहीं मिला। इसके अतिरिक्त 76,12,000 रुपये नकद फीस प्राप्त करके स्कूल के खातों में जमा नहीं करवाने की बात भी सामने आई। इस प्रकार अंतरिम ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार कुल लगभग 1,75,37,000 रुपये की कथित हेराफेरी सामने आई है।
पुलिस द्वारा शिकायत की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को थाना मुनक में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में मुख्य आरोपी दिनेश को पुलिस द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए थाना मुनक पुलिस की टीम ने आरोपी रविन्द्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि उससे गहनता से पूछताछ की जा सके l























