अमित शाह तीन दिवसीय यात्रा पर जयपुर पहुंचे , हुआ भव्य स्वागत

0
147

जयपुर – भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अपनी तीन दिवसीय राजस्थान यात्रा पर शुक्रवार को जयपुर पहुंचे। सांगानेर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचने पर सीएम वसुंधरा राजे सहित राज्य कैबिनेट के सदस्य व प्रदेश पदाधिकारियों ने शाह का स्वागत किया। एयरपोर्ट पर स्वागत सत्कार की परंपरा निभाई गई। महिला कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी पर फूल बरसा कर स्वागत किया। महिलाओं के साथ सीएम राजे, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी व वी सतीश भी मौजूद रहे। पधारौ म्हारै देस गीत के बीच उनका स्वगात किया गया।  भाजपा में आगामी चुनावों के लिए नई जान फूंकने के लिए पार्टी सुप्रीमो अमित शाह राजस्थान आए हैं।

इसके बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनके काफिले के आगे बाइकर्स चले। बाइकर्स में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल थे। रास्ते में कड़ी सुरक्षा के बीच उनका काफिला रेंगता रहा। एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक 8 स्थानों पर उनका अभिनंदन किया गया।रास्ते में आई तेज बारिश में शाह का काफिला गुजरता रहा। गांधी सर्किल पर उनका काफिला रुका और शाह ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण  किया। भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर शाह ने ई लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। शाह इन तीन दिनों में संगठन के सबसे छोटे पदाधिकारी से लेकर प्रदेश स्तर और विधायक-सांसदों से लेकर निगम-बोर्ड अध्यक्षों विभाग-प्रकल्पों तक के ओहदेदारों की 14 बैठकें करेंगे। 22 जुलाई को सुबह 9 से 10 बजे तक विभिन्न समाजों के अध्यक्षों और साधु-संतों से होटल शकुन में मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया है। इसी दिन मोर्चा-प्रकोष्ठों, प्रकल्प-विभाग और सांसदों-विधायकों से व्यक्तिगत चर्चा भी करेंगे। इसके बाद दोपहर ढाई बजे प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। परनामी ने बताया कि 23 जुलाई को सुबह नौ बजे प्रदेश कोर कमेटी की बैठक, दस बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष समिति, विस्तारक कार्ययोजना समिति की बैठक होगी। इसके बाद 11 बजे शाह आरएसएस कार्यालय जाएंगे। वहां से लौटकर प्रदेश मुख्यालय में बोर्ड-निगम, आयोगों, महापौर, जिला प्रमुख, पंचायत समिति प्रधान नगर निकाय अध्यक्षों से बैठक करेंगे।