नई दिल्ली – तकनीकी गड़बड़ी के कारण द्वारका-नोएडा मेट्रो लाइन पर शनिवार को ट्रेनों का आवागमन बाधित हुआ। इसके चलते कई स्टेशनों पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांंकि अधिकारियों का दावा है कि जल्द हालात सामान्य हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह राजीव चौक पर तकनीकी खराबी के कारण मेट्रो की नोएडा से द्वारका तक संचालित ब्लू लाइन पर भारी दिक्कत पेश आई। इससे जहां मेट्रो ट्रेनें रुक-रुक कर चली, वहीं राजीव चौक पर अफरातफरी का माहौल है।
इस वजह से इस लाइन पर कुछ ट्रेनें रोक दी गई हैं तो कुछ की गति बेहद धीमी है। खराबी के चलते थोड़े ही समय में राजीव चौक पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। आलम यह है कि कई यात्रियों ने इंतजार के बाद बसों व ऑटो में सफर करने को तरजीह दी है। वहीं, दूर का सफर करने वाले यात्री अभी भी मेट्रो स्टेशन पर जमा हैं और तकनीकी खामी दूर होने का इंतजार कर रहे हैं।

























