विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं, प्रदेश में अगला बजट एक लाख करोड़ रूपये से भी अधिक का होगा – मुख्यमंत्री

0
221

निसिंग/करनाल – हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी की मांग पर करीब 93 करोड़ रूपये के विकास कार्यो की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है,जो भी विकास होना है,गांव के सरपंच से प्रस्ताव पास करवाओ और अपने क्षेत्र में विकास करवाओ। उन्होंने कहा कि अगला बजट 1 लाख करोड़ रूपये से भी ज्यादा का बनाया जाएगा। प्रदेश में पैसे की कमी के कारण किसी भी क्षेत्र में विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने तरावड़ी में 50 बैड के मल्टीस्टोरी अस्पताल,मार्केटिंग बोर्ड की 16 सडक़ों के लिए 11 करोड़ रूपये,पीडब्ल्यूडी की 8 सडक़ों के लिए 14 करोड़ रूपये,गोंदर में 33 केवी का सब स्टेशन ,समाना बाहू में 4 करोड़ 28 लाख रूपये से पीएचसी,सीकरी व समाना बाहू में 2 करोड़ 50 लाख रूपये से खेल स्टेडियम,तरावड़ी में 1 करोड़ 56 लाख रूपये की लागत से सिंचाई विभाग द्वारा एक अंडरब्रिज,निसिंग और निगदू में एक-एक करोड़ रूपये की लागत से किसान भवन,निसिंग नगरपालिका का नया भवन,निसिंग अनाज मंडी से सिंगड़ा की सडक़ को पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाया जाएगा,शेखनपुर के पुल को 80 लाख रूपये से चौड़ा किया जाएगा,बस्तली-गुनियाना सडक़ को करीब 4 करोड़ रूपये की लागत से चौड़ा किया जाएगा l

गोंदर के राजकीय हाई स्कूल का दर्जा बढ़ाकर बारहवीं तक,निगदू की पुलिस चौंकी का दर्जा बढ़ाकर थाना बनाया जाएगा,गोंदर गांव के सभी बीपीएल परिवारों का सर्वे करवाकर कच्चे मकान वाले परिवारों के पक्के मकान के लिए अनुदान दिया जाएगा और जिनके पास मकान नहीं है,उनको सरकारी सहायता दी जाएगी। गोंदर गांव के बड़े तालाब  को फाईव पाउंड सिस्टम से विकसित किया जाएगा। गोंदर गांव के विकास के लिए अलग से 3 करोड़ रूपये की घोषणा तथा नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के गांवों के विकास के लिए 8 करोड़ रूपये की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने गांव की इच्छा अनुसार गोंदर गांव के नाम के परिवर्तन के लिए पंचायत से प्रस्ताव पास करवाने को कहा,जो भी ग्रामीण गांव का नाम चाहेंगे सरकार को इसमें कोई आपत्ति नहीं। इसके अतिरिक्त छतरी चौंक के पास बड़ी पुलिया को करीब 22 लाख रूपये की लागत से चौड़ा किया जाएगा तथा जीटी रोड़ वाया पीर बाबा तक की सडक़ को 16 लाख रूपये की लागत से चौड़ा किया जाएगा। इसके अलावा गोंदर गांव से गुजरने वाली नरदक नहर पर लाखों रूपये की लागत से घाट बनाया जाएगा,
मुख्यमंत्री सोमवार को गांव गोंदर में विधायक भगवानदास कबीरपंथी व ग्राम पंचायत द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश व समाज को विकसित करने के लिए अच्छी सोच जरूरी है,पिछली सरकारों ने देश व प्रदेश को भ्रष्टाचार के मुंह में झोंक दिया था। पिछले 70 सालों में भ्रष्टाचार ने कैंसर का रूप धारण कर लिया था,परन्तु अब वर्तमान सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक संकल्प ना खाउंगा ना खाने दूंगा, पर चलकर प्रदेश आगे बढ़ा है। प्रदेश में भ्रष्टाचार के चक्रव्यू पर सेंध लगाई गई है,अभी यह पूर्ण रूप से समाप्त नहीं हुआ है,इसके लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी ने भ्रष्टाचार के लिए समझोता वादी दृष्टिकोण अपनाया। हमें नई पीढ़ी को नई दिशा देनी है ताकि समाज की छवि साफ-सुथरी हो। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा गांव में ग्राम सचिवालय बनाये गए है,जहां पर सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मुहैया करवाई जाएगी,लोगों को शहर में अफसरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल से 425 सेवाएं एक जगह से ही मिलनी आरम्भ हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि गांव में इतने विकास किये जाएं कि गांव के लोगों को किसी भी कार्य के लिए शहर में नहीं जाना पड़ेगा और गांव भी शहर बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि एससी,बीसी महिला,दिव्यांग,पेंशन धारक,सैनिक आदि जो भी करीब 350 सेवाएं है,जिनका आम आदमी को पता तक नहीं है,इसके लिए आने वाले समय में हरियाणा सरकार द्वारा तहसील व जिला स्तर पर अंतोदय कार्यालय खोलें जाएंगे ताकि लोगों को इन कार्यालयों में जाकर अपनी जरूरत के अनुसार योजनाओं की जानकारी मिल सके और उसी स्थान पर उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए निशुल्क फार्म भरवाएं जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लेबर विभाग द्वारा रजिस्ट्रड किया गया है। श्रम विभाग द्वारा पिछले दिनों करीब 50 हजार महिलाओं को सिलाई मशीन दी गई है,जिनमें से 150 सिलाई मशीन अकेले गोंदर की महिलाओं को दी गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए ब्लॉक स्तर पर सिलाई केन्द्र खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा सक्षम युवा स्कीम चलाई गई है,इस स्कीम के तहत एम ए पास को 9 हजार रूपये व बी ए पास को 7500 रूपये मानदेय के रूप में महीने में 100 घंटे काम के बदले दिये जा रहे है। इस योजना के तहत 25 हजार युवाओं को काम दिया गया है। उन्होंने कहा कि 2 लाख युवाओं को उद्योगों मेेंं प्राईवेट नौकरी दी गई जबकि करीब 50 हजार सरकारी नौकरियों के लिए विज्ञापन निकाले गए थे,जिनमें से अधिक्तर पर काम चल रहा है।
नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने आये हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया और मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया कि उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षो से  नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में काफी पिछड़ चुका था,परन्तु मुख्यमंत्री ने बिना किसी भेदभाव के करीब 300 करोड़ रूपये के विकास करवाकर इस क्षेत्र को विकास की ओर अग्रसर किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र में विकास कार्य किया है। मुख्यमंत्री से उन्होंने नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के लिए जो भी मांगा है,उन्होंने दिल खोलकर दिया है। विधायक ने आज मुख्यमंत्री के समक्ष करोड़ों  रूपये के विकास कार्यो की मांग रखी,जिनको मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया,इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि यदि और भी जरूरत है तो वह पूरा करने में पीछे नहीं हटेंगे।
स्वामी धर्मदेव जी महाराज ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि गोंदर गांव भगवान गौतम की तपस्थली है। यह गांव 20 हजार लोगों की आबादी वाला गांव है। इस गांव में पिछले 20 साल से कोई भी मुख्यमंत्री नहीं आया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि गोंदर के विकास के लिए जो भी बन पड़े, अधिक से अधिक दें। मुख्यमंत्री ने गोंदर गांव में स्वामी धर्मदेव जी महाराज द्वारा संचालित स्कूल के लिए अपने निजि कोष से 50 लाख रूपये देने की घोषणा की।