करनाल – जैसे ही कालोनी में देव का शव पहुंचा पूरी कालोनी में मातम पसर गया l करनाल के बसंत विहार का 22 वर्षीय देव जो सिर्फ 20 दिन पहले ही उज्जवल भविष्य की तलाश में रूस गया था, अब ताबूत में घर लौटा है। उसकी अचानक मौत ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डूबा दिया है। मातम भरे घर में सबका रो रोकर बुरा हाल है l देव अपने पीछे मां, पिता, एक छोटी बहन और एक भाई को छोड़ गया है। परिवार की हालत बेहद दयनीय है। जिस बेटे से घर की उम्मीदें जुड़ी थीं, वही आज हमेशा के लिए खामोश हो गया।
देव मार्च में टूरिस्ट वीजा पर रूस गया था। वह वहां किसी होटल में ठहरा हुआ था और काम की तलाश ही कर रहा था। 3 अप्रैल को परिवार को उसकी मौत की खबर मिली। बताया जा रहा है कि वह चौथी मंजिल से गिर गया, लेकिन यह हादसा था या कुछ और अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
देव ने करनाल के दिल्ली पब्लिक स्कूल से 12वीं पास की थी। पड़ोसियों के अनुसार वह बेहद मेहनती और शांत स्वभाव का लड़का था, जो अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहता था।
देव के पिता ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर बेटे को रूस भेजा था। वे उसे रोकते रहे, लेकिन देव की जिद थी कि वह विदेश जाकर कुछ बड़ा करेगा और घर की हालत सुधारेगा। किसे पता था कि वह इस तरह वापस आएगा। करीब दो हफ्तों की प्रक्रिया के बाद सरकार के प्रयासों से देव का शव भारत लाया गया।


























