Karnal -मुख्यमंत्री ने विधानसभा और पूर्व मुख्यमंत्री ने लोकसभा के लिए नामांकन किया

0
50

करनाल- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को भव्य रोड शो के बाद करनाल के मिनी सचिवालय जाकर नामांकन दाखिल किया। दोनों नेताओं पर जगह जगह जनता ने पुष्प वर्षा कर जीत का भरोसा दिया  l  दोनों नेता रोड शो के बाद नामांकन स्थल पर पहुंचे और नामांकन किया। सीएम नायब सैनी के कवरिंग कैंडिडेट के तौर पर उनकी पत्नी सुमन सैनी ने नामांकन दाखिल किया। जबकि मनोहर लाल के कवरिंग कैंडिडेट के तौर पर करनाल से मौजूदा सांसद संजय भाटिया ने नामांकन किया।  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कहा कि पूरे हरियाणा की जनता नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है और आज करनाल में मनोहर लाल ने नामांकन किया है। नामांकन पत्र भरने के बाद सीएम नायब सैनी ने कहा कि करनाल विधानसभा से भी भारी बहुमत से भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करेगी और नरेंद्र मोदी जी की झोली में 10 कमल डालकर आएंगे। वहीं एक कमल चंडीगढ़ लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा हमें जनता का पूरा साथ मिल रहा है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह एक-एक बूथ पर बड़ी जीत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार होली और दिवाली हमारे पर्व है, इसी प्रकार चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और हमें इस महापर्व में एक-एक वोट को महत्वपूर्ण मानते हुए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बड़े अंतर से चुनाव जितवाकर मनोहर लाल को बड़ी पंचायत में भेजने का काम करें।

दूसरी तरफ हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल नामांकन भरने पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि उन्हें जनता का साथ और भरपूर प्यार मिल रहा है। जिसके बल पर वो कह सकते हैं कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में सभी लोकसभा सीट जीतकर क्लीन स्वीप करेगी। नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में करनाल से भारतीय जनता पार्टी रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत हासिल करेगी। सड़कों पर गेरुवा रंग और भाजपा का झंडा-डंडा लिए जनता का हुजूम, गाड़ियों की लंबी कतार, फूल-मालाओं की वर्षा, जय-जय श्री राम के उद्घोष की गूंज के बीच एक ही रथ पर सवार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा जनता का गर्मजोशी से अभिवादन स्वीकार करने का अद्भुत माहौल सोमवार को करनाल की सड़कों पर छाया रहा।

नामांकन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज करनाल लोकसभा से नामांकन कर के एक नई यात्रा की शुरुआत कर दी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हरियाणा के मेरे परिवारजनों का प्रेम, आशीर्वाद और साथ एक नया इतिहास रचेगा। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से राज्य की सभी दस लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है तथा कांग्रेस की करारी हार होगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में एक नए और मजबूत भारत का निर्माण हुआ है। आज भारत बोलता है और दुनिया सुनती है। मोदी से दुनिया भर के राष्ट्र प्रमुख सलाह लेते हैं। इसके साथ ही उन्होंने करनाल विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा उपचुनाव हेतु भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल करने वाले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बारे में कहा कि उन्होंने एक योग्य उत्तराधिकारी चुना है। राज्य में विकास की जिस गाड़ी को उन्होंने पटरी पर लाया था अब सैनी उसे दौडाएंगें।