करनाल -राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा वर्ष प्रतिपदा उत्सव का आयोजन

0
315

करनाल -राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विभिन्न शाखाओं पर मंगलवार को वर्ष प्रतिपदा उत्सव समारोह पूर्वक मनाया गया। प्रतिपदा के दिन ही आरएसएस के संस्थापक पहले सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म हुआ था। उनकी जयंती पर स्वयंसेवकों ने उन्हें प्रणाम किया और उनकी शिक्षाओं को याद किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से हिंदू नव वर्ष की शुरुआत होती है। मान्यता है कि इस तिथि पर ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी। इसी दिन से विक्रम संवत के नए साल की शुरुआत होती है।
प्रताप उपनगर छत्रपति शाखा में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सह विभाग कार्यवाह महेंद्र कुमार ने कहा कि आज विभिन्न उपनगरो में वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाया गया है। संघ ने तय किया है कि 2025 तक हमे प्रत्येक घर तक पहुंचना है। इसके आधार पर भारत को संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन करना है। उन्होंने बताया कि इस दिन राम का राज्याभिषेक, शक संवत की स्थापना व प्रकृति में कई परिवर्तन होते हैं। उन्होंने स्वयं सेवकों को अनुशासन में रहते हुए समाज तथा राष्ट्र के लिए अपना योगदान देने को कहा। महेंद्र कुमार ने कहा कि संघ में संवाद तथा व्यक्ति के कार्य को महत्व दिया जाता है।  स्वयंसेवक में मातृभूमि के लिए समर्पण होता है। जो राष्ट्र को परम वैभव पर ले जा सकता है।
वहीं महावीर उपनगर अर्जुन शाखा में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें विभाग संपर्क प्रमुख कपिल अत्रेजा ने मुख्य वक्ता के रूप में अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि भारत प्रगति के पथ पर अग्रसर है, ऐसे में भारत के प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्य का पालन कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
अर्जुन गेट स्थित सेवा श्री आश्रम में अर्जुन शाखा पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए संघ विस्तारक सुमित कुमार ने कहा कि आज का दिन भारत के लिए गौरव भरा दिन है। भगवान राम का राज्याभिषेक आज ही के दिन हुआ था। वर्ष प्रतिपदा हिंदू समाज के जागरण का दिन है। आज भारत की सनातन संस्कृति को पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है, भारत अखंड होगा और विश्व गुरु बनेगा।
आज के दिन का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि हिंदू नव वर्ष के साथ ही आज संघचालक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार का जन्मदिन भी है। ऐसे में उनका जन्मदिन वर्ष प्रतिपदा के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर सह जिला कार्यवाह पवनदेव,माधव नगर संघ चालक सुभाष चंद्र, जिला प्रचार प्रमुख वीरपाल सिंह, केशव नगर कार्यवाह श्यामसुंदर थरेजा,माधव नगर कार्यवाह भारत भूषण सहित बड़ी संख्या में पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवक मौजूद रहे।