Karnal करनाल – विजय संकल्प बाईक रैली के माध्यम से सीएम ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

0
240

करनाल – मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विजय संकल्प बाईक रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब पूरा देश जान गया है कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा किसके हाथों में सुरक्षित है, वह है देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में वातावरण बना है कि फिर से देश की सत्ता भाजपा के हाथों में आए और देश का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बने, इसके लिए कार्यकर्ताओं को अपने अंदर जोश भरना होगा, घर-घर जाकर आम नागरिक, सग्गे संबंधी,रिश्तेदारों से वोट की अपील करनी होगी, तभी यह सपना साकार हो सकेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब हर कार्यकर्ता को पम्प बनने की जरूरत है, जैसे बाहर की हवा से कभी टयूब में हवा नहीं भरी जा सकती, उसी प्रकार पार्टी की चारों तरफ जोरदार हवा को देखकर वह आराम से ना बैठे बल्कि पार्टी के अंदर और मजबूती से हवा भरने के लिए पम्प बन जाए, यदि ऐसा होगा तो देश में 400 से उपर का आंकड़ा हम पार करेंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को विजय संकल्प बाईक रैली की शुरूआत करने से पूर्व पुरानी सब्जी मंडी के परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने भारी जनसमूह की उपस्थिति में पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें पुष्प अर्पित किये। मुख्यमंत्री ने इसी मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश ग्रोवर के देहांत उपरांत मंच से श्रद्धांजलि भी दी। इस बाईक रैली में करीब 2 हजार भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। स्वयं मुख्यमंत्री भी बाईक चलाकर करीब 12 किलो मीटर लम्बी बाईक रैली में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने भारत माता की जय के नारे के साथ अपना उद्बोधन शुरू किया और कहा कि देश की एकता और अखंडता भारत के नागरिकों को अपनी जान से भी प्यारी है। हमारी सरकार देश की रक्षा, सुरक्षा,एकता और अखंडता के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी। देश की ओर उंगली उठाने वालों को कड़ा जवाब देगी। इसका प्रमाण नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में पुलवामा की घटना से निपटने के लिए तीनों सेनाओं के अध्यक्षों को खुली छूट दी और दुश्मन देश को करारा जवाब देकर दिया है। उन्होंने कहा कि पायलट अभिनंदन ने दुश्मनों के बीच में रह कर भी जो अदम्य साहस और शौर्य का ना केवल परिचय दिया बल्कि दुश्मन देश को यह अहसास कराया कि भारत का हर नागरिक शेर है। वह मुसीबतों में भी हिम्मत से खड़ा रहता है। उनका यह साहस भारत के हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। उन्होंने अभिनंदन की इस बहादुरी को शैल्यूट किया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देश पर पूरे देश में करीब 2500 स्थानों से विजय संकल्प बाईक रैली निकालकर देश की एकता और अखंडता बनाये रखने का संदेश दिया गया है। इसके अलावा चुनावी वर्ष होने के दृष्टिगत जनता को यह भी संदेश दिया गया कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही सुरक्षित है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि लोक सभा के चुनाव में प्रत्येक वर्कर अपने आपको मनोहर लाल मानकर लोकसभा के उम्मीदवार को विजयी बनाए ताकि देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में मजबूत प्रधानमंत्री मिले।
इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद ने विजय संकल्प बाईक रैली कार्यक्रम की सफलता के लिए मुख्यमंत्री और कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया और कहा कि इस रैली में हजारों कार्यकर्ताओं ने मोटरसाईकिल के माध्यम से पार्टी व सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया और उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिलाया कि आने वाले लोकसभा के चुनाव में वह अपने उम्मीदवार को विजयी बनाएंगे। इस मौके पर व्यापार मंडल की ओर से कृष्ण तनेजा, कैलाश गोयल व हरमिन्द्र सिंह हैप्पी ने नेहरू पैलेस मार्किट पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।