Panipat:वायनाड की जनता वहां से धक्का मार कर बाहर कर देगी राहुल को -मुख्यमंत्री मनोहर लाल

0
259

Panipat:कांग्रेस ने वोट के लिए देश को दांव पर लगा दिया। पहले 2 जी, फिर 3 जी से आकाश घोटाला किया गया। कोयला बेचकर पाताल को लूटा। जमीन की लूट सबके सामने है। एक से बढ़ कर एक भ्रष्टाचार की कहानी है। सीएलयू, भर्ती और ट्रांसफर सब में गड़बडी की है। पांच वर्ष के बाद होने वाले जनादेश के इस त्योहार में अटक से कटक और जम्मू कश्मीर से कन्याकुमारी तक के मतदाता हिसाब मांगेगे। लोकसभा का चुनाव 12 मई को होगा। वोट देकर आप सब देश के विकास में मोदी का हाथ मजबूत करें। ये हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को पानीपत जिले के कस्बा इसराना में विजय संकल्प रैली काे संबोधित करते हुए कहा । इस दौरान मुख्यमंत्री ने चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी में से किसी एक को चुनने के लिए लोगों को नए जन्मे बच्चे के नामकरण का उदाहरण दिया। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से पूछा, ‘हमारे घर में, हमारे पड़ोस में एक नया जन्मा बालक है। अगर कोई कहे कि इस बालक का नाम रखना है। तो दो नामों से कौन सा रखेंगे नरेंद्र मोदी या राहुल गांधी। क्या रखेंगे- नरेंद्र मोदी’। उन्होंने कहा कांग्रेसी देशद्रोहियों का साथ देते हैं। चुनाव की खातिर देश को भी दांव पर लगा दिया।
दूसरी ओर नरेन्द्र मोदी ने विश्व में भारत को मजबूत शक्ति के रूप में खड़ा किया। उनके नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष में चौथी बड़ी शक्ति बना। उन्होंने लोगों से आह्वान किया किया कि जरा सोचकर देखो आज मुकाबला नरेंद्र मोदी व राहुल गांधी के बीच है और इस मुकाबले में क्या नरेंद्र मोदी के बराबर में राहुल गांधी खड़ा हो सकते हैं? रैली में परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, करनाल सीट के लोकसभा प्रत्याशी संजय भाटिया, विधायक महिपाल ढांडा के साथ विधायक रोहिता रेवड़ी भी मौजूद थीं।

उन्होंने कहा, भाजपा की रैली में हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि भाजपा की केंद्र में पांच और हरियाणा की साढ़े चार की सरकार की उपलब्धियों, नीतियों व काम करने के तरीके पर जनता मुहर लगा रही है। मैं जनता का अभिनंदन करता हूं, शुभकामनाएं देता हूं। 12 मई को कांग्रेस पर वोट की चोट करनी है, यह संकल्प है, प्रण है हमारा। सीएम ने कहा कि कांग्रेस 124 ए देशद्रोही कानून को खत्म करने की बात कह रही है। जो देश को टुकड़ों में बांटेगा, उसे माफ कर देंगे। धार 370 को कायम रखना चाहती है। कश्मीर की अखंडता को देश में जोडऩे के लिए तैयार नहीं है।

मंच से सीएम ने कहा कि 2004 में चुनाव के दौरान पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 90 तोले सोने को रिकार्ड में दिखाया। पांच वर्ष बाद ये बढ़ कर पांच किलो हो गया। इतना सोना कहां से आ गया, पांचों अंगुली भ्रष्टाचार में धंसी हैं। राहुल गांधी ने केरल की एक सुरक्षित सीट वायनाड को मजबूती से पकड़ा है। पहले अमेठी की जनता 15 साल का हिसाब मांगेगी। वायनाड वालों को जब पता चलेगा तो वो भी चुप नहीं बैठेंगे। वहां से धक्का मार कर बाहर कर देंगे। भाजपा के खिलाफ सारे दल एक होकर गठबंधन करने में लगे हैं। लेकिन जिनके बीच गठबंधन हुआ है किसी की विचारधारा नहीं मिलती है।